कार्यालय प्रतिनिधि की रिपोर्ट
चन्दौली से एक बड़ी और चिंताजनक खबर सामने आ रही है। अवैध खनन की कवरेज करने गए एक पत्रकार पर खनन माफियाओं ने गैंग बनाकर जानलेवा हमला कर दिया। हमले में पत्रकार गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें हालत नाजुक होने पर ट्रॉमा सेंटर रेफर किया गया है। घटना शिकारगंज इलाके की बताई जा रही है, जो चकिया क्षेत्र में आता है।
जानकारी के मुताबिक पत्रकार को अवैध खनन की सूचना मिली थी, जिसके बाद वह मौके पर कवरेज करने पहुंचे थे। इसी दौरान वहां मौजूद खनन माफियाओं ने एकजुट होकर पत्रकार पर हमला कर दिया और जमकर मारपीट की।
हमले के दौरान पत्रकार के सिर में गंभीर चोट लग गई और वह मौके पर ही घायल होकर गिर पड़े। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना मिलने के लगभग एक घंटे बाद पुलिस और वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची।
घायल पत्रकार को पहले इलाज के लिए जिला संयुक्त चिकित्सालय चकिया में भर्ती कराया गया, लेकिन हालत गंभीर होने के कारण चिकित्सकों ने उन्हें बेहतर इलाज के लिए बीएचयू ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया।
घटना की जानकारी मिलते ही जिला संयुक्त चिकित्सालय चकिया में बड़ी संख्या में पत्रकार पहुंच गए और हमले को लेकर आक्रोश जताया। वहीं पीड़ित पत्रकार के परिजनों ने आरोपियों के खिलाफ चकिया कोतवाली में नामजद तहरीर देकर कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि चकिया क्षेत्र में लंबे समय से अवैध खनन का कारोबार चल रहा है और इसके खिलाफ आवाज उठाने वाले पत्रकारों को अक्सर धमकियों और हमलों का सामना करना पड़ता है।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है और हमलावरों की तलाश की जा रही है। पत्रकार संगठनों ने घटना की कड़ी निंदा करते हुए दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई और पत्रकारों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है।