वरिष्ठ पत्रकार राजेंद्र गुप्ता
वाराणसी — अन्तर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर बालिकाओं को खेल के क्षेत्र में प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से “अस्मिता लीग ” के अंतर्गत खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन रविवार को डा. संपूर्णानंद स्पोर्ट्स स्टेडियम सिगरा में किया गया। यह कार्यक्रम मेरा युवा भारत,भारतीय खेल प्राधिकरण वाराणसी (युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय भारत सरकार) के संयुक्त तत्वावधान में तथा क्षेत्रीय खेल कार्यालय वाराणसी के सहयोग से संपन्न कराया गया।इस मौके पर मुख्य अतिथि के रूप में अंतरराष्ट्रीय एथलीट नीलू मिश्रा व विशिष्ट अतिथि के रूप में आईपीएस एएसपी वाराणसी मानसी दहिया, वरिष्ठ भाजपा नेत्री एवं समाजसेवी शालिनी यादव, फिट इंडिया एंबेसडर शिवांगी, नागरिक सुरक्षा के डिप्टी डिवीजनल वार्डेन अरविन्द विश्वकर्मा तथा समाजसेवी अंजनी सिंह मौजूद रहे। अस्मिता लीग के तहत बालिका खिलाड़ियों को स्वस्थ और फिट रहने के उद्देश्य से ट्रैक एवं फील्ड प्रतियोगिताएं आयोजित की गई। इसमें 100 मीटर, 200 मीटर और 400 मीटर दौड़ की स्पर्धाएं आयोजित कराई गई। प्रतियोगिताओं को तीन आयु वर्गों-13 वर्ष से कम, 13 से 18 वर्ष तथा 18 वर्ष से अधिक वर्ग में विभाजित किया गया था। इसके साथ ही रचनात्मक गतिविधियों के अंतर्गत योगासन प्रतियोगिता भी आयोजित की गई जिसमें महिला प्रतिभागियों ने उत्साह पूर्वक हिस्सा लिया। दौड़ प्रतियोगिता में सभ्या पासवान, आस्था गुप्ता, कृति यादव,प्रीति शुक्ला ने शानदार प्रदर्शन करते हुए बाजी मारी।कुल 27 महिला प्रतिभागियों को अतिथियों द्वारा मेडल ट्रॉफी और प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर अंतर्राष्ट्रीय एथलीट नीलू मिश्रा ने प्रतिभागियों को संबोधित करते हुए कहा कि यदि महिला युवा शक्ति दृढ़ संकल्प के साथ आगे बढ़े तो वह बड़ी से बड़ी चुनौतियों को भी पार कर सकती है। उन्होंने अपने जीवन के फर्श सेअर्श तक की काबिलियत पाने का अनुभव साझा करते हुए बताया कि एक मध्यमवर्गीय परिवार से निकलकर उन्होंने कड़ी मेहनत और आत्मविश्वास के बल पर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत का नाम रोशन किया। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा संचालित फिट इंडिया अभियान को खिलाड़ियों को विशेषकर महिला खिलाड़ियों के लिए प्रेरणादाई बताया और युवाओं से खेलों को अपने जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाने का आवाहन किया। इस कार्यक्रम का सफल आयोजन क्षेत्रीय क्रीड़ा अधिकारी विमला सिंह,उप निदेशक भारतीय खेल प्राधिकरण शुभांशु दुबे, जिला युवा अधिकारी मेरा युवा भारत वाराणसी यतेन्द्र सिंह, वरिष्ठ कोच जीएस दूबे, गोरखनाथ यादव, चंद्रभान यादव, स्वयंसेवक प्रदीप सिंह, सुरेश कुमार, भाग्यश्री, मानसी सहित अन्य सहयोगियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। इस कार्यक्रम का संचालन सृजन चतुर्वेदी ने किया।