*गाजीपुर काशीदीप शैलेंद्र कुमार की रिपोर्ट
*गाजीपुर*। जनपद में सोशल मीडिया और स्थानीय स्तर पर सक्रिय आपराधिक गैंगों के खिलाफ गाजीपुर पुलिस द्वारा चलाए गए विशेष अभियान “ऑपरेशन वज्रपात” के तहत बड़ी कार्रवाई की गई है। यह अभियान 1 जून से 5 जून 2026 तक पुलिस उपमहानिरीक्षक के निर्देशन में संचालित किया गया।
पुलिस के अनुसार जिले में कटरा गैंग, महाकाल गैंग, 315 गैंग, फरसा गैंग सहित विभिन्न नामों से संचालित होने वाले आपराधिक गिरोहों को चिन्हित किया गया। ये गिरोह सोशल मीडिया पर आक्रामक पोस्ट, अवैध शस्त्रों के साथ फोटो व वीडियो साझा करने, फेसबुक लाइव और इंस्टाग्राम रील्स के माध्यम से आपराधिक गतिविधियों का प्रदर्शन करने तथा स्थानीय विवादों में हस्तक्षेप कर अराजकता फैलाने जैसी गतिविधियों में संलिप्त पाए गए।
अभियान के दौरान पुलिस ने कुल 50 गैंगों को चिन्हित किया, जिनमें गैंग लीडरों सहित 401 सदस्य शामिल हैं। इनके विरुद्ध 39 अभियोग पंजीकृत किए गए, जबकि 11 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। इसके अतिरिक्त गैंग लीडरों और सदस्यों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में निरोधात्मक कार्रवाई भी की गई है।
पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि भविष्य में भी इस प्रकार की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। सोशल मीडिया और स्थानीय स्तर पर सक्रिय नए गैंगों की गतिविधियों पर सतर्क निगरानी रखी जाएगी तथा कानून व्यवस्था को प्रभावित करने वाले तत्वों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
गाजीपुर पुलिस ने जनपदवासियों से अपील की है कि किसी भी आपराधिक गतिविधि या सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक एवं कानून विरोधी सामग्री की सूचना तत्काल पुलिस को दें, ताकि समय रहते प्रभावी कार्रवाई की जा सके।