वरिष्ठ पत्रकार राजेंद्र गुप्ता की रिपोर्ट
वाराणसी — किसान भाइयों को उचित मूल्य पर बीज उपलब्ध कराने, कालाबाजारी रोकने तथा बीज की गुणवत्ता बनाए रखने के लिए जनपद के निजी बीज विक्रेताओं के बिक्री केन्द्रों, गोदामो पर शुक्रवार को छापेमारी किया गया।छापे के दौरान मेसर्स मां किसान बीज घर जगतगंज, मेसर्स जनता किसान घर जगतगंज,मेसर्स दि किसान घर राम कटोरा, मेसर्स किसान घर राम कटोरा,मेसर्स कृषि विकास केन्द्र राम कटोरा से गुणवत्ता परीक्षण हेतु 35 बीज के नमूने संग्रहित किये गये। इस अवसर पर जनपद के समस्त बीज विक्रेताओं को निर्देशित किया गया कि नियमानुसार जिन प्रजातियों/ कंपनियों को बीज बिक्री की अनुमति सक्षम स्तर से प्राप्त है, उन्ही बीज का क्रय विक्रय किया जाए। अन्यथा की स्थिति में निरीक्षण के दौरान कोई कमी पाई गई तो संबंधित के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कर वैधानिक कार्यवाही की जाएगी। अवैध रूप से व्यापार तथा बीजों की कालाबाजारी करने वाले विक्रेताओं के विरुद्ध यह अभियान निरंतर चलता रहेगा। सभी किसान भाइयों को अवगत कराना है कि वर्तमान खरीफ सीजन में जनपद के समस्त राजकीय कृषि बीज भंडारों पर उच्च गुणवत्ता के आधारीय धान बीज प्रजाति सियाट्स-4 एवं एचयूआर 917 के साथ ही ढैचा का बीज पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध है। जो 50% अनुदान पर वितरित किया जा रहा है। इसी के साथ में बाजार में सावां,कोदो, तिल, मूंग का बीज नि:शुल्क वितरण हेतु उपलब्ध है।।शेष बीज जैसे-अरहर,उर्द, ज्वार, रागी का बीज भी शीघ्र राजकीय कृषि बीज भंडारों पर वितरण हेतु उपलब्ध करा दिया जाएगा।खरीफ- 2026 में कृषि विभाग द्वारा संचालित समस्त योजनाओं में समस्त बीज ऑनलाइन बुकिंग कराते हुए ई- लॉटरी के माध्यम से कृषकों को उपलब्ध कराया जा रहा है। विभिन्न योजनाओं के अंतर्गत सामान्य बीज वितरण एवं मिनीकिट बीज वितरण हेतु निर्धारित लक्ष्यों के सापेक्ष समस्त बीज की बुकिंग (https://agriculture,up.gov.in) विभाग के पोर्टल पर किया जा रहा है। जहां किसान भाई अपनी आवश्यकता अनुसार बीज की बुकिंग कर सकते हैं। बीज वितरण हेतु किसान भाइयों का चयन ई-लाटरी के माध्यम से किया जा रहा है। अतः जनपद के समस्त किसान भाइयों से अपील है कि वह समय रहते पंजीकरण कराकर इन योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाएं। जिससे खरीफ सीजन में बेहतर उत्पादन सुनिश्चित हो सके।