वाराणसी काशी दीप विजन – चितईपुर थाना क्षेत्र की गणेशपुरी कॉलोनी में जलनिकासी की समुचित व्यवस्था नहीं होने से स्थानीय लोगों की मुश्किलें बढ़ती जा रही हैं। कॉलोनी की सड़कों पर जलभराव के कारण जगह-जगह पानी जमा है। हालात यह हैं कि लोगों के लिए अपने घरों से बाहर निकलना और रोजमर्रा के काम के लिए आवाजाही करना भी परेशानी का सबब बन गया है।
सबसे अधिक परेशानी स्कूली बच्चों को उठानी पड़ रही है। जलभराव के कारण बच्चों को स्कूल जाने और वापस लौटने के दौरान पानी से होकर गुजरना पड़ता है। कई बच्चे जूते-मोजे उतारकर पानी पार करने को मजबूर हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि सड़क पर जमा पानी के कारण बच्चों के साथ बुजुर्गों और महिलाओं को भी काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
स्थानीय निवासी डॉ. अवधेश कुमार सिंह ने बताया कि क्षेत्र में जलनिकासी और सीवर की समुचित व्यवस्था नहीं होने के कारण बारिश के बाद स्थिति और खराब हो जाती है। पानी की निकासी नहीं होने से सड़क पर लंबे समय तक जलभराव बना रहता है।
स्थानीय लोगों के मुताबिक क्षेत्रीय पार्षद श्याम भूषण की ओर से समस्या का संज्ञान लेते हुए जल्द समाधान का आश्वासन दिया गया था। हालांकि, लोगों का कहना है कि अभी तक जलभराव की समस्या का अपेक्षित और स्थायी समाधान नहीं हो सका है।
लोगों का कहना है कि केवल अस्थायी रूप से पानी हटाने से समस्या का समाधान नहीं होगा। इसके लिए कॉलोनी की जलनिकासी व्यवस्था और सीवर लाइन की तकनीकी जांच कराकर स्थायी व्यवस्था करनी होगी।
अब स्थानीय लोगों ने खबर के माध्यम से शासन-प्रशासन और नगर निगम का ध्यान इस समस्या की ओर आकृष्ट कराया है। लोगों की मांग है कि गणेशपुरी कॉलोनी में जलनिकासी और सीवर व्यवस्था को तत्काल दुरुस्त कराया जाए, ताकि सड़क पर जमा पानी से राहत मिले और स्कूली बच्चों सहित आम नागरिकों को सुरक्षित आवागमन की सुविधा मिल सके।