रिपोर्ट : गुफरान अहमद मिर्जापुर में भीषण सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार ट्रक ने साइकिल सवार चाचा-भतीजे को रौंद दिया। हादसे में दोनों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद नाराज ग्रामीणों ने नेशनल हाईवे 135 को जाम कर दिया घटना लालगंज थाना क्षेत्र के बामी गांव के पास हिंदुस्तान पेट्रोल पंप के सामने की है। बताया जा रहा है कि बामी गांव निवासी 50 वर्षीय शिवनाथ और उनका 13 वर्षीय भतीजा प्रियांशु एक ही साइकिल से शौच के लिए गए थे। वापस लौटते समय मध्य प्रदेश की ओर से मिर्जापुर आ रही तेज रफ्तार ट्रक ने दोनों को अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों की मौके पर ही मौत हो गई।
हादसे के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने पत्थर रखकर नेशनल हाईवे 135 की एक लेन को जाम कर दिया, जिससे वाहनों की लंबी कतार लग गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने ट्रक को कब्जे में ले लिया है और दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घंटों समझाने-बुझाने के बाद पुलिस ने जाम खुलवाया।