नारायन प्रसाद की रिपोर्ट
*वाराणसी।* प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संसदीय क्षेत्र वाराणसी में सोमवार को समाजवादी पार्टी (सपा) कार्यकर्ताओं ने गौमाता को लेकर अनोखा और आक्रामक प्रदर्शन कर राजनीतिक माहौल गरमा दिया। सपा नेता *जीशान अंसारी के नेतृत्व में कार्यकर्ता सड़कों पर गौमाता को साथ लेकर उतरे, उनकी पूजा-अर्चना की, चारा खिलाया और केंद्र सरकार से गाय को ‘राष्ट्रीय पशु’* घोषित करने की मांग उठाई।
प्रदर्शन के दौरान सपा नेताओं ने भाजपा पर तीखा हमला बोलते हुए आरोप लगाया कि भाजपा केवल चुनाव के समय “गौ-प्रेम” दिखाती है, जबकि हकीकत में गौमाताओं की दुर्दशा के लिए वही जिम्मेदार है।
सपा नेता *जीशान अंसारी* ने कहा कि भाजपा के लिए गाय सिर्फ वोट बैंक की राजनीति का माध्यम बन चुकी है। चुनाव आते ही गाय की बात होती है, लेकिन चुनाव खत्म होते ही गौमाताओं को सड़कों पर लावारिस छोड़ दिया जाता है, जहां वे भूख और प्लास्टिक खाने को मजबूर रहती हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेशभर की सरकारी गौशालाएं भ्रष्टाचार का अड्डा बन गई हैं और करोड़ों रुपये का बजट कागजों में खर्च दिखाया जा रहा है, जबकि जमीन पर गायें भूख और बीमारी से मर रही हैं।
सपा नेता *शुभम सेठ गोलू* ने भाजपा की नीतियों पर हमला बोलते हुए कहा कि एक तरफ भाजपा गाय के नाम पर समाज में नफरत फैलाने की राजनीति करती है, वहीं दूसरी तरफ उनके शासनकाल में भारत दुनिया के बड़े बीफ निर्यातक देशों में शामिल है। उन्होंने कहा कि अगर भाजपा सच में गौभक्त है तो देश में बीफ निर्यात पर तत्काल पूर्ण प्रतिबंध लगाए।
वहीं *प्रभाकर यादव* ने कहा कि गाय केवल आस्था का विषय नहीं बल्कि देश की ग्रामीण अर्थव्यवस्था की रीढ़ है। गाय का दूध कुपोषण के खिलाफ हथियार है, जबकि गोबर और गोमूत्र जैविक खेती और किसानों की आय बढ़ाने में बेहद महत्वपूर्ण हैं।
सपा नेता *अभिषेक झा* ने मांग रखी कि केंद्र सरकार संसद में कानून बनाकर गौमाता को राष्ट्रीय पशु घोषित करे, बीफ निर्यात पर पूर्ण प्रतिबंध लगाए और सरकारी गौशालाओं में हो रहे भ्रष्टाचार व गायों की मौतों की न्यायिक जांच कराए।
इस दौरान *आनंद यादव* ने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने गौमाताओं की सुरक्षा और सम्मान को लेकर ठोस कदम नहीं उठाए तो समाजवादी पार्टी सड़क से लेकर सदन तक बड़ा आंदोलन करेगी।
प्रदर्शन में मुख्य रूप से शिवेंद्र राय, जितेंद्र पटेल, संजय पटेल, प्रीतम यादव, अमित कुमार “विक्की”, पुनीत मौर्य, राज श्रीवास्तव, जवाहर यादव, आरिफ खान, फरहान सिद्दीकी, धीरू चौबे, फहद सिद्दीकी, दाऊद खान, कैफ अहमद, सिद्धार्थ सोनकर और इमरान खान सहित बड़ी संख्या में सपा कार्यकर्ता मौजूद रहे।