गुफरान अहमद की रिपोर्ट मिर्जापुर
मिर्जापुर। घनश्याम बिनानी एकेडमी ऑफ मैनेजमेंट साइंसेज (GBAMS) मिर्जापुर में अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस उत्साह, गरिमा और प्रेरणादायक माहौल के साथ मनाया गया। इस अवसर पर कार्यक्रम की थीम “Give to Gain” रखी गई, जिसमें छात्र-छात्राओं, शिक्षकों तथा अतिथियों ने बढ़-चढ़कर भाग लेकर महिलाओं के योगदान और सशक्तिकरण पर अपने विचार साझा किए।
कार्यक्रम का शुभारंभ जीबीएएमएस के निदेशक प्रो. डॉ. जीशान अमीर द्वारा मुख्य अतिथि उद्यमी जय श्री जैन को गुलदस्ता भेंट कर सम्मानित करने के साथ हुआ। इसके बाद मुख्य अतिथि प्रो. वंदना मिश्रा को सहायक प्रोफेसर साक्षी श्रीवास्तव तथा उद्यमी रचना मल्होत्रा को जीबीएएमएस की एडमिन सरिका श्रीवास्तव ने गुलदस्ता भेंट कर सम्मानित किया। वहीं सहायक प्रोफेसर श्रीप्रकाश सिंह ने निदेशक प्रो. डॉ. जीशान अमीर तथा मोमीना ने सहायक प्रोफेसर अल्का श्रीवास्तव को सम्मानित किया।
कार्यक्रम के दौरान महिला सशक्तिकरण पर आधारित एक लघु डॉक्यूमेंट्री भी दिखाई गई, जिसमें विभिन्न क्षेत्रों में महिलाओं की उपलब्धियों को दर्शाया गया। इस अवसर पर जी.डी. बिनानी पीजी कॉलेज के विद्यार्थियों तथा जीबीएएमएस के बीबीए व एमबीए के छात्रों ने भाषण और काव्य प्रस्तुति के माध्यम से महिला शक्ति और उनके योगदान को रेखांकित किया।
मुख्य अतिथि प्रो. वंदना मिश्रा ने कहा कि आज महिलाएं हर क्षेत्र में अपनी प्रतिभा का परचम लहरा रही हैं। वहीं उद्यमी जय श्री जैन और रचना मल्होत्रा ने छात्राओं को आत्मनिर्भर बनने और अपने सपनों को साकार करने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम के अंत में निदेशक प्रो. डॉ. जीशान अमीर ने महिलाओं के संघर्ष, त्याग और सफलता की कहानियों का उल्लेख करते हुए विद्यार्थियों को जीवन में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। अंत में सहायक प्रोफेसर साक्षी श्रीवास्तव ने सभी अतिथियों एवं प्रतिभागियों के प्रति आभार व्यक्त किया।