Follow us on

दिनदहाड़े लाखों की चोरी के बाद पुलिस कार्रवाई पर उठे सवाल, पीड़ित ने तीन संदिग्धों पर जताया शक

Share this post:

वाराणसी कार्यालय प्रतिनिधि की रिपोर्ट । चितईपुर थाना क्षेत्र के करमनवीर (सुस्वाही) इलाके में दिनदहाड़े हुई चोरी की घटना के बाद पीड़ित परिवार ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल उठाए हैं। पीड़ित दिनेश चन्द्र पटेल का आरोप है कि घटना की सूचना देने और लिखित तहरीर देने के बावजूद पुलिस ने मामले की जांच में अपेक्षित गंभीरता नहीं दिखाई, जिसके चलते अब तक चोरी का खुलासा नहीं हो सका है। इससे परिवार में निराशा और दहशत का माहौल बना हुआ है।दिनेश चन्द्र पटेल के अनुसार, वह प्रतिदिन की तरह सुबह लगभग 9 बजे घर से दुकान के लिए निकले थे। सुबह करीब 11:30 बजे से दोपहर 12:50 बजे के बीच घर में कोई मौजूद नहीं था। इसी दौरान अज्ञात चोरों ने घर में घुसकर अलमारी का ताला तोड़ दिया और उसमें रखे सोने-चांदी के आभूषण, लगभग 20 हजार रुपये नकद तथा अन्य कीमती सामान चोरी कर फरार हो गए। दोपहर करीब 12:59 बजे जब बच्चे घर पहुंचे तो घर का सामान बिखरा हुआ और अलमारी टूटी मिली। बच्चों के शोर मचाने पर पड़ोसी मौके पर पहुंचे और दिनेश चन्द्र पटेल को घटना की सूचना दी। घर पहुंचने पर उन्होंने देखा कि उनकी पत्नी के सभी जेवरात और नकदी गायब थी। घटना के बाद पूरे परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है।पीड़ित ने बताया कि चोरी हुए सामान में सोने की चेन, कान के झुमके, मंगलसूत्र, लॉकेट, नथ, बच्चों की बाली, चांदी की पायल सहित अन्य कीमती आभूषण शामिल हैं। उन्होंने चितईपुर थाने में लिखित तहरीर देकर मुकदमा दर्ज कराया और चोरों की गिरफ्तारी के साथ चोरी गया सामान बरामद कराने की मांग की।दिनेश चन्द्र पटेल का कहना है कि उन्हें तीन लोगों पर शक है। उनका आरोप है कि यदि पुलिस उन संदिग्ध व्यक्तियों को हिरासत में लेकर पूछताछ करे तो चोरी का खुलासा हो सकता है और उनके जेवरात तथा नकदी बरामद होने की संभावना है। उनका कहना है कि उन्होंने अपने संदेह की जानकारी भी पुलिस को दे दी है, लेकिन अब तक इस दिशा में प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई।स्थानीय लोगों का भी कहना है कि क्षेत्र में लगातार चोरी की घटनाएं बढ़ रही हैं, जिससे लोगों में असुरक्षा की भावना है। लोगों ने पुलिस गश्त बढ़ाने, सीसीटीवी फुटेज की गंभीरता से जांच करने और संदिग्धों से पूछताछ कर जल्द से जल्द घटना का खुलासा करने की मांग की है।

लेखक के बारे में

खबरें और भी हैं...

लाइव क्रिकट स्कोर

मौसम अपडेट

राशिफल

0
Would love your thoughts, please comment.x
()
x