रिपोर्ट जितेंद्र पटेल की वाराणसी जिले के मिर्जामुराद स्थानीय थाना क्षेत्र के छतेरी गांव स्थित एक मैरिज लॉन में शनिवार की देर रात एक शादी समारोह के दौरान चोरी की घटना सामने आ। जहां दुल्हन के कमरे में रखे करीब 10 लाख रुपये के जेवरात गायब होने से परिजनों में हड़कंप मच गया। वहीं परिजनों ने मिर्जमुराद थाने पहुंच लिखित तहरीर दी।
वहीं सूचना मिलते ही मिर्जामुराद पुलिस मौके पर पहुंची और जांच में जुट गई।
बताते हैं कि मिर्जामुराद थाना क्षेत्र की कछवा चौकी अंतर्गत कछवा बाबतपुर मार्ग पर कृष्णा मैरिज लॉन में चित्रसेनपुर निवासी राजेश सोनकर की दो बेटियों की शादी हो रही थी। जहां मंगरहा मिर्जापुर और भदोही जिले के महराजगंज आदि अलग-अलग जगहों से बारात आई थी और जयमाला के बाद सभी लोग अन्य रस्मों में व्यस्त थे। इसी दौरान एक अज्ञात युवक लॉन में पहुंचा। वहां काम कर रहे एक महिला वेटर ने उसे उस कमरे की ओर इशारा कर दिया, जहां जेवर रखे गए थे।
युवक मौके का फायदा उठाकर कमरे में घुसा और सूटकेस का ताला तोड़कर उसमें रखे जेवर लेकर फरार हो गया।
वहीं सुरेश चंद सोनकर ने कहा कि हमारे भतीजी की उक्त लान में शादी थी। जब आभूषण की जरूरत पड़ी तो और जेवर को लेने कमरे गए तो रकम वहां से गायब था।वहीं उन्होंने बताया कि चोरी गए सामान में दो सोने की चेन,दो अंगूठी, दो झुमका,नथिया और पायल समेत अन्य आभूषण शामिल हैं। परिजनों के अनुसार,इन जेवरों की कुल कीमत लगभग 10 लाख रुपये बताई जा रही है। ये गहने सुबह बेटियों को उपहार के रूप में देने के लिए रखे गए थे,जिनमें कुछ घर की बहू के जेवरात भी थे।
कुछ देर बाद जब घर की महिलाएं कमरे में पहुंचीं तो सूटकेस का ताला टूटा मिला और सामान बिखरा पड़ा था। जेवर गायब देख परिजनों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने लॉन में लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच शुरू कर दी है। अगली सुबह लॉन में काम कर रहे वेटर और कैटरिंग से जुड़े कुछ संदिग्ध लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
वहीं एसीपी राजातालाब अजय कुमार श्रीवास्तव का कहना है कि फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान करने की कोशिश की जा रही है और जल्द ही घटना का खुलासा किया जाएगा।घटना के बाद कुछ समय के लिए शादी समारोह में अफरा-तफरी का माहौल रहा, हालांकि बाद में कार्यक्रम संपन्न कराया गया।