पुलिस कार्यालय, गोमती जोन, कमिश्नरेट वाराणसी
नवागत पुलिस उपायुक्त, गोमती जोन, श्रीमती नीतू कादयान महोदया द्वारा गोमती जोन के समस्त थाना प्रभारियों के साथ परिचयात्मक एवं समीक्षा गोष्ठी कर आवश्यक दिशा-निर्देशदिए।
आज दिनांक 15.04.2026 को नवागत पुलिस उपायुक्त, गोमती जोन, श्रीमती नीतू कादयान महोदया द्वारा गोमती जोन का कार्यभार ग्रहण किया गया। कार्यभार ग्रहण करने के उपरांत महोदया द्वारा जोन के समस्त अधिकारियों के साथ परिचयात्मक एवं समीक्षा गोष्ठी आयोजित की गई।
उक्त गोष्ठी में गोमती जोन के अंतर्गत आने वाले समस्त थाना प्रभारी उपस्थित रहे। बैठक के दौरान महोदया द्वारा कानून-व्यवस्था की वर्तमान स्थिति की समीक्षा की गई तथा अपराध नियंत्रण, गश्त व्यवस्था, महिला सुरक्षा, यातायात व्यवस्था एवं लंबित विवेचनाओं के शीघ्र एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए गए।
उन्होंने समस्त थाना प्रभारियो को निर्देशित किया कि जनता की समस्याओं का त्वरित, पारदर्शी एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए तथा थानों पर आने वाले फरियादियों के साथ संवेदनशील, शिष्ट एवं सहयोगात्मक व्यवहार अपनाया जाए। साथ ही, अपराधों की रोकथाम हेतु प्रभावी पुलिसिंग, नियमित चेकिंग एवं सूचनातंत्र को और अधिक सुदृढ़ करने पर बल दिया गया।
*महोदया द्वारा अधिकारियों को दिए गए विस्तृत दिशा-निर्देश*
महोदया द्वारा बैठक के दौरान उपस्थित समस्त अधिकारियों को कानून-व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़, प्रभावी एवं तकनीक-सक्षम बनाने हेतु निम्नलिखित विस्तृत दिशा-निर्देश प्रदान किए गए। महोदया ने कहा कि आधुनिक पुलिसिंग व्यवस्था में डिजिटल प्लेटफार्मों एवं तकनीकी संसाधनों का शत-प्रतिशत उपयोग अत्यंत आवश्यक है, जिससे कार्यप्रणाली में पारदर्शिता, त्वरितता एवं जवाबदेही सुनिश्चित की जा सके।
• ई-साक्ष्य ऐप के माध्यम से समस्त अभियोगों में SID का समयबद्ध एवं शुद्ध रूप से जनरेट करना सुनिश्चित किया जाए, जिससे विवेचनात्मक प्रक्रिया में किसी भी प्रकार की देरी या त्रुटि न हो तथा प्रत्येक प्रकरण का डिजिटल रिकॉर्ड अद्यतन एवं सटीक रहे।
• सभी बीट आरक्षियों द्वारा अपने-अपने क्षेत्र में प्राप्त शिकायतों एवं सूचनाओं का समयबद्ध, गुणवत्तापूर्ण एवं संतोषजनक निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। साथ ही बीट व्यवस्था को और अधिक सक्रिय एवं प्रभावी बनाया जाए ताकि जनता एवं पुलिस के मध्य विश्वास और अधिक मजबूत हो सके।
• यक्ष ऐप पर सभी आवश्यक प्रविष्टियों (फीडिंग) को नियमित रूप से अद्यतन किया जाए तथा इसका प्रभावी एवं पूर्ण उपयोग सुनिश्चित किया जाए। थाना प्रभारियो को निर्देशित किया गया कि ऐप आधारित कार्यप्रणाली को गंभीरता से अपनाया जाए।
• माननीय न्यायालय द्वारा जारी समस्त नोटिस, सम्मन, बीडब्लू, NBW का शत-प्रतिशत तामिला सुनिश्चित किया जाए तथा समयबद्ध निस्तारण कर संबंधित अभियोगों में प्रगति लाई जाए। किसी भी स्तर पर लापरवाही या विलंब स्वीकार्य नहीं होगा।
• मैनुअल सम्मन प्राप्त होने की प्रक्रिया कम हो जाने के कारण निर्देशित किया जाता है कि इ-सम्मन पोर्टल की अनिवार्य रूप से जांच की जाए तथा प्राप्त प्रत्येक समन को तत्काल संबंधित कर्मचारी को आवंटित कर विधिक कार्यवाही सुनिश्चित की जाए।
• थाना क्षेत्र में घटित किसी भी घटना की सूचना प्राप्त होते ही तत्काल उच्चाधिकारियों को अवगत कराया जाए तथा बिना किसी विलंब के मौके पर पहुंचकर आवश्यक विधिक कार्यवाही सुनिश्चित की जाए।
• थानों पर किसी भी प्रकार के बाहरी व्यक्तियों, दलालों अथवा अनधिकृत तत्वों का हस्तक्षेप पूर्णतः प्रतिबंधित रखा जाए तथा पारदर्शी पुलिसिंग प्रणाली को सुदृढ़ किया जाए।
• गो-तस्करी, अवैध शराब निर्माण एवं बिक्री तथा जुआ जैसे अवैध एवं आपराधिक गतिविधियों के विरुद्ध कठोर, प्रभावी एवं सतत अभियान चलाया जाए। ऐसे अपराधों में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध विधिक कार्यवाही सुनिश्चित की जाए।
• iGOT कर्मयोगी पोर्टल पर लंबित सभी प्रशिक्षणों को शीघ्र पूर्ण किया जाए तथा सभी अधिकारी एवं कर्मचारी नियमित रूप से अपने प्रशिक्षण मॉड्यूल को अद्यतन करते रहें, जिससे उनकी कार्यक्षमता एवं दक्षता में निरंतर वृद्धि हो सके।
महोदया द्वारा यह भी कहा गया कि सभी अधिकारी एवं कर्मचारी टीम भावना के साथ कार्य करते हुए कानून-व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ एवं प्रभावी बनाएं, जिससे जनसामान्य में पुलिस के प्रति विश्वास एवं सुरक्षा की भावना और अधिक मजबूत हो सके।