कार्यालय प्रतिनिधि की रिपोर्ट वाराणसी के चितईपुर थाना पुलिस ने निर्माणाधीन मकानों से विद्युत वायर चोरी करने वाले तीन शातिर अभियुक्तों को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लगभग 72 किलोग्राम चोरी का विद्युत वायर, ₹710 नकद तथा चोरी की घटना में प्रयुक्त स्कूटी बरामद की है। पुलिस के अनुसार, गणेशधाम कॉलोनी और सुंदरपुर क्षेत्र में निर्माणाधीन मकानों से बिजली के तार चोरी होने की दो घटनाओं के बाद मुकदमा दर्ज कर सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर की सूचना के आधार पर जांच शुरू की गई थी। 15 जुलाई 2026 को हाईलिंक कॉलोनी के पास घेराबंदी कर गोपाल विश्वकर्मा, अर्जुन वर्मा और विशाल चौहान को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में चोरी की घटनाओं का खुलासा हुआ। पुलिस के अनुसार, तीनों अभियुक्त पहले भी चोरी सहित कई आपराधिक मामलों में जेल जा चुके हैं। गिरफ्तार आरोपियों के विरुद्ध विधिक कार्रवाई करते हुए उन्हें न्यायालय भेज दिया गया।