वाराणसी — उत्तर प्रदेश राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन के अंतर्गत अब पात्र गृहस्थी के कार्डधारक भी महिला समूह से जुड़ेंगे। अभी तक समूह सैक पीआईपी प्रक्रिया के माध्यम से चयनित लाभार्थी प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण, मनरेगा के सक्रिय जॉब कार्ड होल्डर परिवार की महिला सदस्य व हर घर योजना की लाभार्थी एवं ग्रामीण विकास मंत्री केशव प्रसाद मौर्य द्वारा प्रदेश में 3 करोड़ महिलाओं को समूह से जोड़ने एवं उनमें से एक करोड़ महिलाओं को लखपति बनाने की दिशा में अभियान चलाने हेतु निर्देशित किया गया था। इस क्रम में अभियान चलाकर उन लाभार्थियों को अगले 6 माह में उन्हें जोड़ा जाना है। जनपद में अभी 11963 समूहों में 139009 महिलाओं को जोड़ा गया है। साथ ही पात्र गृहस्थी के कुल 4,11,500 कार्ड धारकों में से जो नहीं जुड़े हैं, उन्हें प्राथमिकता के आधार पर जोड़ा जाएगा। इस कार्य में नए समूह भी बनाए जाएंगे एवं यदि संबंधित परिवार के घर की पास में पूर्व से समूह सक्रिय है तो उनके नजदीकी समूह में जोड़ा जाएगा। समूह से जुड़कर जनपद में महिलाएं बैंक सखी,बीसी सखी, विद्युत सखी, ड्रोन सखी, अगरबत्ती, पापड़, अचार, मुरब्बा, सिलाई, राशन दुकान का संचालन, परचून की दुकान, दोना पत्तल, सिल्क साड़ी, जूट बैग आदि से जुड़ी हैं। समूह की महिलाओं को ग्रामीण क्षेत्र में आय बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। जो अभी तक इस योजना का लाभ लेने से वंचित रह गई थी वह भी अब जुड़कर इस योजना का लाभ ले सकेंगी एवं अपनी आजीविका परक गतिविधियों को बढ़ाते हुए पारिवारिक आय में महत्वपूर्ण योगदान दे सकेंगी।