वाराणसी- कार्यालय प्रतिनिधि की रिपोर्टअतिविशिष्ट माने जाने वाले मंडुवाडीह क्षेत्र के बरेका गुमटी मार्केट में बीती रात चोरों ने जमकर उत्पात मचाया। चोरों ने करीब 16 दुकानों के टीन शेड तोड़कर अंदर प्रवेश किया और लगभग 12 दुकानों से हजारों रुपये का सामान चोरी कर लिया। घटना की जानकारी होने पर दुकानदारों में आक्रोश फैल गया।दुकानदारों का आरोप है कि मार्केट की सुरक्षा व्यवस्था पहले से कमजोर कर दी गई है। उनका कहना है कि उन्होंने अपने खर्च पर चौकीदार की व्यवस्था की थी, लेकिन बरेका प्रशासन ने उसे भी हटवा दिया। इसके अलावा गुमटी मार्केट के गेट पर दुकानदारों का कार्यालय था, जिस पर भी बरेका प्रशासन द्वारा ताला लगवा दिया गया। दुकानदारों के अनुसार मार्केट में लगे सीसीटीवी कैमरे भी हटा दिए गए हैं। वर्तमान में कुछ दुकानों पर ही निजी कैमरे लगे हैं।चोरी की चपेट में विकास कम्युनिकेशन, शाका सिंह स्पोर्ट्स, धीरज स्पोर्ट्स, राज केश जनरल स्टोर, बिग बॉय, शाका फैशन, एटी शुक्ला फुटवियर और राम फोटो फ्रेमिंग समेत कई दुकानें बताई जा रही हैं।घटना की सूचना मिलते ही एसीपी रोहनिया अवधेश विश्वकर्मा, मंडुवाडीह थानाध्यक्ष, बरेका चौकी प्रभारी, आरपीएफ और बरेका की इंटेलिजेंस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी है। दुकानदारों ने सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और जल्द चोरी का खुलासा करने की मांग की है।