कार्यालय प्रतिनिधि की रिपोर्ट
वाराणसी। केंद्रीय विद्यालय संगठन, वाराणसी संभाग द्वारा आयोजित आंचलिक राष्ट्रीय एकता पर्व ‘एक भारत श्रेष्ठ भारत’ एवं कला उत्सव-2026 का भव्य शुभारंभ केंद्रीय विद्यालय, काशी हिंदू विश्वविद्यालय परिसर के तत्वावधान में बीएचयू स्थित पं. ओंकारनाथ ठाकुर ऑडिटोरियम में हुआ। कार्यक्रम में जबलपुर, आगरा, लखनऊ, वाराणसी और रांची संभागों के विद्यार्थी शामिल हुए। पांचों संभागों से 31 अनुरक्षक, 113 छात्राएं और 178 छात्र समेत कुल 291 विद्यार्थी प्रतिभाग कर रहे हैं।
समारोह का शुभारंभ अतिथियों के स्वागत, वंदे मातरम्, दीप प्रज्वलन, मां सरस्वती की वंदना और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के साथ हुआ। विद्यार्थियों ने संगीत, नृत्य, लोककला सहित विभिन्न विधाओं में अपनी प्रतिभा प्रस्तुत की। केंद्रीय विद्यालय संगठन की उपायुक्त डॉ. सुकृति रैवानी ने कहा कि शिक्षा का उद्देश्य विद्यार्थियों को देश की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत से जोड़ना और राष्ट्रीय एकता की भावना विकसित करना भी है।
बीएचयू के कुलसचिव डॉ. राजन श्रीवास्तव और कुलपति प्रो. अजीत कुमार चतुर्वेदी ने आयोजन को राष्ट्रीय एकता एवं सांस्कृतिक समरसता की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया। कार्यक्रम में एकल शास्त्रीय नृत्य एवं समूह नृत्य प्रतियोगिताओं में पांचों संभागों के विद्यार्थियों ने प्रतिभाग किया।