वरिष्ठ पत्रकार राजेंद्र गुप्ता की रिपोर्ट
वाराणसी — भारत सरकार द्वारा राष्ट्रीय प्रतिदर्श सर्वेक्षण के 81 वें चक्र का शुभारम्भ 01 जुलाई 2026 से किया जायेगा। इस सर्वेक्षण चक्र में कृषि परिवारों की स्थिति का आंकलन तथा ऋण एवं निवेश संरक्षण आदि विषय पर किया जायेगा। इन विषयों पर अंतिम सर्वेक्षण एनएसएस के 77 वें चक्र (जनवरी 2019 से दिसंबर 2019) में आयोजित किया गया था।इस सर्वेक्षण का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण परिवारों की भूमि एवं पशुधन जोत तथा कृषि परिवारों की स्थिति के एकीकृत सर्वेक्षण का उद्देश्य ग्रामीण परिवारों की स्वामित्व एवं परिचालन जोतों, पशुधन स्वामित्व तथा कृषि परिवारों की स्थिति से सम्बंधित विभिन्न संकेतकों का आंकलन करना है। यह संकेतक मुख्यतः कृषि परिवारों की आय, उत्पादक परिसंपत्तियां एवं ऋणग्रस्तता, कृषि परिवारों द्वारा अपनाई जाने वाली कृषि पद्धतियां, कृषि क्षेत्र में उपलब्ध विभिन्न तकनीकी के प्रति जागरूकता एवं उनकी पहुंच आदि विषयों से सम्बंधित हैं। इस सर्वेक्षण में कृषि परिवारों के कृषि एवं गैर कृषि व्यवसायों से प्राप्तियों तथा व्ययों और परिवार के सदस्यों द्वारा संचालित अन्य सभी आर्थिक गतिविधियों से प्राप्त आय का विस्तृत विवरण संकलित किया जाएगा। जिससे कृषि वर्ष जुलाई 2025 से जून 2026 तक के लिए प्रति कृषि परिवार औसत मासिक आय का अनुमान लगाया जा सके। इस अखिल भारतीय ऋण एवं निवेश सर्वेक्षण का उद्देश्य भारतीय परिवारों की परिसंपत्तियों पूंजी निर्माण तथा ऋणग्रस्तता के संबंध में व्यापक मात्रात्मक जानकारी एकत्रित करना है। इस सर्वेक्षण के अंतर्गत गैर वित्तीय अथवा भौतिक परिसंपत्तियां (जैसे- भूमि, भवन, पशुधन, परिवहन उपकरण, कृषि यंत्र आदि) तथा वित्तीय परिसंपत्तियां (जैसे- बैंक, डाकघर जमा, भविष्य निधि, पेंशन निधि, जीवन बीमा आदि) शामिल होंगी। सर्वेक्षण में परिवारों द्वारा एक निश्चित संदर्भ तिथि पर लिए गए ऋण (नकद ऋण) संबंधी जानकारी संकलित की जाएगी जिससे परिवारों के उधार लेने के स्वरूप का आंकलन किया जा सके। इसके अन्तर्गत निम्नलिखित विवरण ऋणदाता संस्था,ब्याज दर,ब्याज का प्रकार,ऋण का उद्देश्य,ऋण की अवधि आदि शामिल होंगे। यह सर्वेक्षण भारत के संपूर्ण संघीय क्षेत्र को आच्छादित करेगा। अंडमान एवं निकोबार द्वीप समूह के उन गांवों को छोड़कर जो वर्ष भर अत्यंत दुर्गम एवं पहुंच से बाहर रहते हैं। यह सर्वेक्षण जुलाई 2026 से जून 2017 के दौरान आयोजित किया जाएगा।













