वरिष्ठ पत्रकार राजेंद्र गुप्ता की रिपोर्ट
वाराणसी –– पण्डित दीनदयाल उपाध्याय राजकीय चिकित्सालय पाण्डेयपुर स्थित सखी वन स्टाप सेंटर वाराणसी में शुक्रवार को सखी वन स्टाप सेंटर एवं विकास एवं शिक्षण समिति (वेस्ट इंडिया) के संयुक्त तत्वाधान में महिला अधिकार, सुरक्षा और सम्मान बिषयक जागरूकता कार्यशाला का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को महिला सुरक्षा, समान अधिकार, सशक्तिकरण तथा सरकार द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं के प्रति जागरूक करना था। इस मौके पर मुख्य वक्ता के रूप में सखी वन स्टाफ केंद्र की केंद्र प्रबंधक रश्मि दुबे ने उपस्थित युवाओं को संबोधित करते हुए महिलाओं की सुरक्षा एवं सम्मान से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने महिलाओं हेतु संचालित केंद्र एवं राज्य सरकार की विभिन्न योजनाओं, कानूनी सहायता, हेल्पलाइन सेवाओं तथा महिला उत्पीड़न की स्थिति में उपलब्ध सहायता तंत्र के बारे में युवाओं को अवगत कराया। इस कार्यक्रम में उपस्थित बाल संरक्षण अधिकारी निरुपमा सिंह ने बच्चों से जुड़े विभिन्न कानूनो एवं सरकारी योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने बाल अधिकार, बाल सुरक्षा, पाक्सो अधिनियम, बाल विवाह निषेध, तथा बच्चों के संरक्षण से संबंधित महत्वपूर्ण बिंदुओं पर विस्तार से प्रकाश डाला। इस अवसर पर प्रोफेसर शरद कुमार ने कहा कि महिला सशक्तिकरण और लैंगिक समानता केवल महिलाओं का मुद्दा नहीं बल्कि एक स्वस्थ एवं प्रगतिशील समाज की आवश्यकता है। इस कार्यक्रम का संचालन वेस इंडिया के निदेशक डॉक्टर राजेश श्रीवास्तव ने किया। उन्होंने संवादात्मक शैली में युवाओं को महिला अधिकारों सामाजिक भागीदारी एवं जागरूक नागरिक की भूमिका के बारे में प्रेरित किया।इस कार्यक्रम में लगभग दो दर्जन से भी अधिक युवाओं ने हिस्सा लिया। इस कार्यक्रम में उपस्थित प्रतिभागियों ने उत्साह पूर्वक विभिन्न सरकारी योजनाओं एवं अधिकार संबंधी जानकारी को जाना, समझा और प्रश्न पूछ कर अपनी जिज्ञासाओं का समाधान प्राप्त किया। इस कार्यक्रम में प्रमुख रूप से नेहा सिंह सेंटर मेनेजर, प्रियंका राय जेंडर स्पेशलिस्ट, काउंसलर खुशबू सिंह, प्रियंका, श्वेता सहित विभिन्न शिक्षण संस्थानों वसंत कन्या महाविद्यालय, कामाख्या आर्य महिला पीजी कॉलेज,डीएवी पीजी कॉलेज, एसआरएम चेन्नई तथा मदन मोहन मालवीय गवर्नमेंट इंजीनियरिंग कॉलेज गोरखपुर के छात्र- छात्राएं उपस्थित रहे।अंत में सभी प्रतिभागियों ने महिला सम्मान एवं सुरक्षा के प्रति समाज में जागरूकता फैलाने का संकल्प लिया।