गुफरान अहमद की रिपोर्ट
मीरजापुर के विकास भवन सभागार में आयोजित किसान दिवस कार्यक्रम में किसानों ने अपनी समस्याओं को खुलकर प्रशासन के सामने रखा। कार्यक्रम की अध्यक्षता मुख्य विकास अधिकारी विशाल कुमार ने की, जहां जिले के विभिन्न विकास खंडों से पहुंचे किसानों ने कृषि, सिंचाई, बिजली, सड़क, पेंशन, राशन कार्ड और आयुष्मान कार्ड जैसी समस्याओं को उठाया।
बैठक में उप कृषि निदेशक विकेश कुमार ने पिछली किसान दिवस बैठक की कार्यवाही पढ़कर सुनाई और लंबित मामलों की जानकारी दी। भारतीय किसान संघ के जिला महामंत्री योगेंद्र यादव ने मझवां क्षेत्र के बजहा गांव में आंधी-तूफान से प्रभावित परिवारों को मुआवजा दिलाने की मांग की। साथ ही आंगनबाड़ी केंद्र और कोटेदार पर पोषाहार वितरण में अनियमितता तथा लेखपाल पर रिश्वत मांगने के आरोप भी लगाए गए।
किसानों ने सड़क और नहर पटरी की जर्जर स्थिति, वृद्धावस्था पेंशन में देरी, मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना में नाम शामिल न होने और आयुष्मान कार्ड न बनने की समस्याएं भी प्रमुखता से उठाईं। अहरौरा के किसान सीताराम सिंह ने केसीसी खाते में अधिक ब्याज वसूली की शिकायत दर्ज कराई।
बैठक के दौरान मुख्य विकास अधिकारी विशाल कुमार ने सभी संबंधित विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिया कि किसानों की शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र समाधान सुनिश्चित किया जाए। किसान दिवस में कृषि, पशुपालन, सहकारिता, सिंचाई और बैंकिंग विभाग के अधिकारी भी मौजूद रहे।