लखनऊ। काशी दीप विजन ब्यूरो नवीन प्रकाश। उत्तर प्रदेश सरकार प्रदेशभर में एक बार फिर बच्चों के स्वास्थ्य सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए 14 से 22 दिसंबर तक सघन पल्स पोलियो अभियान चलाने जा रही है। इस अभियान के तहत राज्य के 33 जिलों में लगभग 1.33 करोड़ बच्चों को पोलियो रोधी खुराक पिलाई जाएगी।मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर स्वास्थ्य विभाग ने अभियान को सफल बनाने के लिए व्यापक तैयारियां शुरू कर दी हैं। जिला प्रशासन, स्वास्थ्य विभाग, आशा व आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं सहित सभी संबंधित इकाइयों को मैदान में सक्रिय रहने के निर्देश जारी किए गए हैं।अधिकारियों को खासतौर पर यह सुनिश्चित करने को कहा गया है कि कोई भी बच्चा टीकाकरण से वंचित न रह जाए। इसके लिए घर-घर दौरे, बूथ डे, ट्रांजिट प्वाइंट और बस–रेलवे स्टेशनों पर भी विशेष टीकाकरण टीमें तैनात की जाएंगी।स्वास्थ्य महकमे का कहना है कि पोलियो उन्मूलन की दिशा में यह अभियान अत्यंत महत्वपूर्ण है और सरकार की कोशिश है कि प्रदेश का हर बच्चा सुरक्षित रहे।प्रदेशभर में जागरूकता अभियान भी चलाया जाएगा ताकि माता–पिता अपने बच्चों को समय पर दवा पिलाने के लिए आगे आएं।