वाराणसी विजय कुमार की रिपोर्ट। युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने बृहस्पतिवार शाम राजघाट स्थित गंगा तट पर केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का प्रतीकात्मक पिंडदान कर उनके इस्तीफे की मांग की। कार्यक्रम का नेतृत्व युवक कांग्रेस के प्रदेश महासचिव एवं संगठन प्रभारी अनुपम राय ने किया। अनुपम राय ने कहा कि प्रतियोगी परीक्षाओं में लगातार हो रहे पेपर लीक और छात्रों के विरोध प्रदर्शन पर पुलिस कार्रवाई से देश का युवा खुद को ठगा हुआ महसूस कर रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि जंतर-मंतर पर अपनी मांगों को लेकर शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर लाठीचार्ज लोकतांत्रिक मूल्यों के खिलाफ है। सरकार को छात्रों की आवाज दबाने के बजाय उनकी समस्याओं का समाधान करना चाहिए। उन्होंने पेपर लीक के सभी दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई, युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ बंद करने तथा नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान से तत्काल इस्तीफा देने की मांग की। इस दौरान राकेश पाण्डेय, धीरज सिंह, शिवम दुबे, दुर्गा साहनी, पांचू साहनी, आयुष सिंह सहित अन्य युवा कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।