दिव्य प्रकाश गुप्ता की रिपोर्ट
वाराणसी। कमिश्नरेट वाराणसी में सुरक्षा और अग्नि सुरक्षा मानकों को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से थाना सिगरा प्रभारी शिवाकांत मिश्रा ने अग्निशमन विभाग के साथ संयुक्त अभियान चलाकर रोडवेज क्षेत्र के होटल, गेस्ट हाउस और होम-स्टे की सघन जांच की। इस दौरान कई प्रतिष्ठानों में साफ-सफाई और अग्निशमन व्यवस्था से जुड़ी कमियां मिलने पर संबंधित संचालकों को नोटिस जारी करने की कार्रवाई की गई।पुलिस आयुक्त कमिश्नरेट वाराणसी के निर्देश पर थाना सिगरा पुलिस ने उपलब्ध पुलिस बल एवं अग्निशमन विभाग के अधिकारियों-कर्मचारियों के साथ रोडवेज के आसपास स्थित होटल, गेस्ट हाउस एवं होम-स्टे की गहन चेकिंग की। अभियान के दौरान टीम ने प्रतिष्ठानों में अग्निशमन यंत्रों की उपलब्धता, उनकी कार्यशीलता तथा सुरक्षा मानकों का निरीक्षण किया।चेकिंग के दौरान होटल कर्मचारियों से अग्निशमन यंत्रों के संचालन एवं उपयोग के संबंध में जानकारी ली गई। साथ ही उन्हें आग लगने की स्थिति में अग्निशमन उपकरणों के सही प्रयोग और सुरक्षा उपायों के बारे में जागरूक किया गया।निरीक्षण के दौरान कई होटलों एवं गेस्ट हाउसों में साफ-सफाई की कमी, अग्निशमन यंत्रों का अभाव तथा अन्य सुरक्षा संबंधी खामियां पाई गईं। इन कमियों को गंभीरता से लेते हुए संबंधित संचालकों को नोटिस जारी करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
थाना सिगरा प्रभारी शिवाकांत मिश्रा एवं अग्निशमन विभाग के अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि जनसुरक्षा के मद्देनजर ऐसे अभियान आगे भी लगातार चलाए जाएंगे तथा सुरक्षा मानकों का पालन न करने वालों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।