दिव्य प्रकाश गुप्ता की रिपोर्ट वाराणसी21 अप्रैल से घर नहीं लौटा युवक, पत्नी ने पुलिस से लगाई गुहार
कटनी के गायत्री नगर क्षेत्र निवासी प्रकाश राय बीते 21 अप्रैल से रहस्यमय परिस्थितियों में लापता हो गए हैं। इस मामले में अब नया मोड़ आ गया है, जहां युवक की पत्नी स्वेता मसीह ने अपने ससुराल पक्ष पर गंभीर आरोप लगाए हैं।
पत्नी स्वेता मसीह का कहना है कि प्रकाश ने हाल ही में प्रेम विवाह किया था, जिसके बाद से परिवार में तनाव की स्थिति बनी हुई थी। उनका आरोप है कि उनके पति को गायब करने में प्रकाश के घरवालों का हाथ हो सकता है।
स्वेता के अनुसार, प्रकाश बिना किसी सूचना के घर से निकले थे और उसके बाद से उनका कोई सुराग नहीं मिला है। कई दिनों तक खुद तलाश करने के बाद जब कोई जानकारी नहीं मिली, तो उन्होंने थाना रंगनाथ में शिकायत दर्ज कराई।
पत्नी ने आशंका जताई है कि उनके पति के साथ कोई अनहोनी हो सकती है और मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है। वहीं पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस आसपास के क्षेत्रों में तलाश के साथ-साथ संभावित पहलुओं पर भी जांच कर रही है।
इधर, इस घटना के बाद इलाके में तरह-तरह की चर्चाएं हैं और परिजन के आरोपों से मामला और भी संवेदनशील हो गया है।
पत्नी ने आम जनता से अपील की है कि यदि किसी को प्रकाश राय के बारे में कोई भी जानकारी मिले तो तुरंत थाना रंगनाथ या नजदीकी पुलिस स्टेशन को सूचित करें, ताकि उन्हें सकुशल वापस लाया जा सके।