कार्यालय प्रतिनिधि की रिपोर्ट
वाराणसी (काशी दीप विजन ): रोहनिया थाना क्षेत्र के अवलेशपुर (सौरभ विहार कॉलोनी) में बीती रात बाइक सवार अज्ञात बदमाशों ने अंधाधुंध फायरिंग कर परचून व्यवसायी जितेंद्र कुमार पटेल (45) की हत्या कर दी। जितेंद्र सोमवार रात करीब 11 बजे सनराइज स्कूल के पास स्थित अपनी दुकान बंद कर घर लौट रहे थे। घर से मात्र 500 मीटर पहले बदमाशों ने उन पर दो फायर किए। एक गोली उनकी पीठ में लगी और दूसरी सिर को छूकर निकल गई।
गंभीर हालत में उन्हें तुरंत बीएचयू ट्रॉमा सेंटर रेफर किया गया, जहां इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया। घटना के बाद से मृतक के परिवार (पत्नी रीनू और दो बेटों) में कोहराम मचा हुआ है। परिजनों के अनुसार, एक पुरानी जमीन को लेकर कोर्ट में मुकदमा चल रहा था। मामले की गंभीरता को देखते हुए डीसीपी प्रमोद कुमार और एडीसीपी लिपि सहित भारी पुलिस बल मौके पर पहुंचा। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर हमलावरों की तलाश शुरू कर दी है।

