वाराणसी में 20 दिन से जलभराव, घरों में पानी और चूल्हे बंद
20 दिन से घरों में भरा बरसाती पानी, चूल्हे पड़े ठंडे! नगर निगम के जल निकासी दावों पर उठे सवाल
वाराणसी। रिपोर्ट अंजली कुमारी: वार्ड नंबर 33 चितईपुर स्थित दलित बस्ती में पिछले करीब 20 दिनों से बरसात का पानी जमा होने से लोगों की मुश्किलें बढ़ ग हैं। कई घरों में पानी घुसा हुआ है, जिसके कारण परिवारों को घर में खाना बनाने तक में परेशानी हो रही है। मजबूर होकर लोग बाजार से खाना मंगाकर गुजारा कर रहे हैं।
स्थानीय लोगों का कहना है कि जलभराव के बीच छोटे बच्चों को स्कूल भेजना भी चुनौती बना हुआ है। घर में पानी भरा होने के कारण बच्चों के लिए बाजार से नाश्ता और टिफिन खरीदकर स्कूल भेजना पड़ रहा है। वहीं, पानी जमा होने से जहरीले जीव-जंतुओं के घरों में आने का डर भी बना हुआ है।
स्थानीय लोगों के मुताबिक नगर निगम की ओर से जल निकासी के लिए चार पंप लगाए जाने की बात कही गई थी, लेकिन मौके पर केवल एक पंप चलता दिखाई दे रहा है। लोगों का आरोप है कि बाकी पंप केवल दिखावे के लिए लगाए गए हैं।
लोगों का कहना है कि नगर निगम के कर्मचारी मौके पर आकर मशीनों की फोटो खींचकर चले गए, लेकिन समस्या जस की तस बनी हुई है। स्थानीय लोगों ने जल्द जल निकासी और स्थायी समाधान की मांग की है।