अरविंद कुमार वर्मा की रिपोर्ट वासंतिक नवरात्र का शुभारंभ कल से होने जा रहा है। इसके साथ ही नौ गौरी के दर्शन की पावन परंपरा भ आरंभ हो जाएगी। हिन्दू धर्म में नवरात्र को शक्ति उपासना का विशेष पर्व माना जाता है, जिसमें भक्तगण पूरे श्रद्धा और भक्ति के साथ देवी दुर्गा की आराधना करते हैं। कल प्रथम दिन घट स्थापना के साथ ही नौ दिनों तक पूजन-अर्चन का क्रम शुरू होगा।
नवरात्र के दौरान कई घरों में वैदिक ब्राह्मणों द्वारा दुर्गा सप्तशती का पाठ किया जाएगा और देवी की स्तुति की जाएगी। अधिकांश श्रद्धालु पहले दिन व्रत रखकर पूजा आरंभ करेंगे, जबकि कुछ लोग पूरे नौ दिनों तक व्रत रखकर मां की भक्ति में लीन रहेंगे। अंतिम दिन हवन-पूजन के साथ व्रत का समापन किया जाएगा, जिससे वातावरण भक्तिमय बना रहेगा।
नवरात्र शुरू होने से पहले आज पूरे दिन घरों में साफ-सफाई और पूजन सामग्रियों की खरीदारी का सिलसिला जारी रहा। वहीं, नौ गौरी और नौ दुर्गा मंदिरों में भी विशेष तैयारियां की गईं। मंदिरों की सजावट और स्वच्छता को अंतिम रूप दिया जा रहा है, ताकि श्रद्धालु पूरे उत्साह और श्रद्धा के साथ देवी के दर्शन कर सकें।