विश्व पर्यावरण दिवस पर एनसीसी कैडेटों ने जगाई हरित चेतना, वृक्षारोपण कर दिया संरक्षण का संदेश

सलीम मंसूरी की रिपोर्ट

जमानियां। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर हिंदू डिग्री कॉलेज (एचडीसी) के एनसीसी कैडेटों द्वारा महाविद्यालय परिसर में वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान कैडेटों ने विभिन्न प्रजातियों के पौधे रोपित कर पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया तथा आसपास के लोगों को भी अधिक से अधिक वृक्ष लगाने और पर्यावरण के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया। कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं में पर्यावरण संरक्षण के प्रति जिम्मेदारी की भावना विकसित करना तथा समाज को जलवायु परिवर्तन, प्रदूषण और प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण के प्रति जागरूक करना था। एनसीसी कैडेटों ने पौधरोपण के साथ-साथ लोगों को वृक्षों के महत्व और उनके संरक्षण के बारे में भी जानकारी दी। महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. श्रीनिवास सिंह ने कहा कि “पर्यावरण संरक्षण केवल एक दिन का अभियान नहीं, बल्कि हमारी जीवनशैली का हिस्सा होना चाहिए। पृथ्वी को सुरक्षित और संतुलित बनाए रखने के लिए प्रत्येक व्यक्ति को कम से कम एक पौधा अवश्य लगाना चाहिए तथा उसकी देखभाल का दायित्व भी निभाना चाहिए। युवाओं की सहभागिता से पर्यावरण संरक्षण का यह अभियान और अधिक प्रभावी बनेगा। एनसीसी अधिकारी कैप्टन डॉ. अंगद प्रसाद तिवारी ने कहा कि “एनसीसी केवल अनुशासन और नेतृत्व का प्रशिक्षण ही नहीं देती, बल्कि सामाजिक सरोकारों और राष्ट्र निर्माण के कार्यों में भी सक्रिय भूमिका निभाती है। पर्यावरण संरक्षण आज समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है। एनसीसी कैडेट नियमित रूप से वृक्षारोपण, स्वच्छता अभियान और जनजागरूकता कार्यक्रमों के माध्यम से समाज को सकारात्मक दिशा देने का प्रयास कर रहे हैं।” उन्होंने बताया कि विश्व पर्यावरण दिवस प्रकृति और मानव जीवन के बीच संतुलन बनाए रखने का संदेश देता है| इस अवसर पर महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. श्रीनिवास सिंह, एनसीसी अधिकारी कैप्टन डॉ. अंगद प्रसाद तिवारी, कमलेश प्रसाद, डॉ. महेंद्र कुमार सहित एनसीसी के एसडी एवं एसडब्ल्यू कैडेट उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में सभी ने पर्यावरण संरक्षण और अधिकाधिक वृक्षारोपण का संकल्प लिया।

0 0 votes
Article Rating
Subscribe
Notify of
guest
0 Comments
Oldest
Newest Most Voted
0
Would love your thoughts, please comment.x
()
x