विजय कुमार की रिपोर्ट वाराणसी स्वयंसेवकों ने लगाए नीम, आम, बेला, चमेली और एलोवेरा के पौधे, पर्यावरण संरक्षण का लिया संकल्प
चौबेपुर। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर चौबेपुर क्षेत्र के उमरहां स्थित जय प्रकाश महाविद्यालय में राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) इकाई के तत्वावधान में पौधरोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान शिक्षकों और स्वयंसेवकों ने विभिन्न प्रजातियों के पौधे रोपित कर पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया। जय प्रकाश महाविद्यालय परिसर में गुरुवार को विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर पौधरोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम के तहत महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. विनय कुमार श्रीवास्तव एवं राष्ट्रीय सेवा योजना की कार्यक्रम अधिकारी श्रीमती रीना देवी ने नीम और आम के पौधे लगाकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। वहीं स्वयंसेवकों ने बेला, चमेली, एलोवेरा सहित विभिन्न प्रजातियों के पौधे रोपित किए। कार्यक्रम में उपस्थित स्वयंसेवकों, स्वयंसेविकाओं एवं शिक्षकों ने जल संरक्षण, वृक्षारोपण और प्रकृति के संरक्षण एवं संवर्धन का सामूहिक संकल्प लिया। कार्यक्रम अधिकारी श्रीमती रीना देवी ने कहा कि पर्यावरण मानव जीवन का आधार है। इसे सुरक्षित रखने के लिए अधिक से अधिक पौधे लगाने, जल एवं बिजली की बचत करने तथा प्लास्टिक के उपयोग को कम करने की आवश्यकता है। प्राचार्य डॉ. विनय कुमार श्रीवास्तव ने कहा कि वृक्ष पृथ्वी के जीवनदाता हैं और पर्यावरण संतुलन बनाए रखने में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने युवाओं से पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक रहने और समाज को भी इसके लिए प्रेरित करने का आह्वान किया। कार्यक्रम के अंत में स्वयंसेवकों ने लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल करने तथा अधिक से अधिक लोगों को वृक्षारोपण के लिए प्रेरित करने का संकल्प लिया। इस अवसर पर महाविद्यालय के शिक्षकगण एवं एनएसएस के स्वयंसेवक उपस्थित रहे।