शादी का दबाव बनाकर युवती को आत्महत्या के लिए उकसाने के आरोपी की गिरफ्तारी, खोजवा चौकी प्रभारी मनोज कुमार चौहान की कार्रवाई की सराहना*

अरविंद कुमार वर्मा की रिपोर्ट

वाराणसी। भेलूपुर थाना क्षेत्र में एक युवती को शादी के लिए लगातार दबाव बनाने तथा कथित रूप से आत्महत्या के लिए उकसाने के मामले में पुलिस को महत्वपूर्ण सफलता मिली है। थाना भेलूपुर पुलिस टीम ने मामले में नामजद अभियुक्त को गिरफ्तार कर अग्रिम विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। इस कार्रवाई में खोजवा चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक मनोज कुमार चौहान की भूमिका को स्थानीय लोगों द्वारा सराहनीय बताया जा रहा है।

पुलिस आयुक्त वाराणसी द्वारा अपराधों की रोकथाम, वांछित एवं फरार अभियुक्तों की गिरफ्तारी तथा महिला संबंधी अपराधों पर प्रभावी कार्रवाई के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। पुलिस उपायुक्त काशी जोन के निर्देशन, अपर पुलिस उपायुक्त काशी जोन के पर्यवेक्षण तथा सहायक पुलिस आयुक्त भेलूपुर एवं प्रभारी निरीक्षक भेलूपुर के नेतृत्व में थाना भेलूपुर पुलिस टीम ने अभियुक्त को गिरफ्तार किया।

पुलिस के अनुसार, वादी द्वारा थाना भेलूपुर में दिए गए प्रार्थना पत्र में आरोप लगाया गया था कि उनकी पुत्री पर एक युवक लगातार शादी करने का दबाव बना रहा था। युवती द्वारा विवाह से इंकार किए जाने पर आरोपी द्वारा उसे धमकियां दी जाती थीं। आरोप है कि लगातार मानसिक दबाव और प्रताड़ना के चलते युवती ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने जांच शुरू की और प्राप्त तथ्यों के आधार पर मुकदमा दर्ज किया।

इस संबंध में थाना भेलूपुर पर मु0अ0सं0 0326/2026, धारा 108 भारतीय न्याय संहिता 2023 के तहत अभियोग पंजीकृत किया गया। मुकदमा दर्ज होने के बाद पुलिस टीम ने आरोपी की तलाश शुरू कर दी। तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर की सूचना के आधार पर पुलिस ने मंगलवार को नूर नगर कब्रिस्तान के पास से अभियुक्त अनुकेश तिवारी उर्फ हर्ष तिवारी को गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान अनुकेश तिवारी उर्फ हर्ष तिवारी पुत्र चंदन तिवारी निवासी किरहिया, खोजवां दाहा चौक, थाना भेलूपुर, वाराणसी के रूप में हुई है। उसकी उम्र लगभग 19 वर्ष बताई गई है। गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने उसे न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, मामले की विवेचना जारी है और सभी पहलुओं की गहन जांच की जा रही है। जांच के दौरान प्राप्त होने वाले साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस का कहना है कि महिलाओं और युवतियों के खिलाफ होने वाले अपराधों को लेकर कमिश्नरेट पुलिस पूरी तरह संवेदनशील है और ऐसे मामलों में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जा रही है।

इस सफल गिरफ्तारी में प्रभारी निरीक्षक दुर्गा सिंह, खोजवा चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक मनोज कुमार चौहान, हेड कांस्टेबल करुणानिधान तथा कांस्टेबल सौरभ कुमार की महत्वपूर्ण भूमिका रही। विशेष रूप से चौकी प्रभारी मनोज कुमार चौहान द्वारा की गई सक्रिय निगरानी, सूचना संकलन और त्वरित कार्रवाई की क्षेत्र में चर्चा हो रही है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि पुलिस की तत्परता से मामले में शीघ्र गिरफ्तारी संभव हो सकी, जिससे पीड़ित परिवार को न्याय की उम्मीद जगी है। कमिश्नरेट पुलिस की इस कार्रवाई को कानून व्यवस्था बनाए रखने और अपराधियों में भय पैदा करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

0 0 votes
Article Rating
Subscribe
Notify of
guest
0 Comments
Oldest
Newest Most Voted
0
Would love your thoughts, please comment.x
()
x