कमलनयन जयसवाल की रिपोर्ट
*शाहजहांपुर*- जिले में एक हृदयविदारक घटना सामने आई है। बेटे के जन्म से ठीक एक घंटे पहले पिता की सड़क हादसे में जान चली गई। पीड़ित अपनी गर्भवती पत्नी को मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराने गया था, लेकिन वहां मौजूद स्टाफ ने भर्ती करने से इनकार कर दिया। करीब एक घंटे तक वह हाथ जोड़कर गुहार लगाता रहा, पर उसकी एक न सुनी गई।
थक-हारकर उसने एम्बुलेंस बुलाई और पत्नी को एक निजी अस्पताल भिजवाया। इसके बाद वह खुद बाइक से उसी अस्पताल जा रहा था। इसी दौरान तिलहर थाना क्षेत्र के नगरिया मोड़ पर बीती रात करीब 12 बजे एक तेज रफ्तार ट्रक ने उसकी बाइक को टक्कर मार दी। जोरदार टक्कर से वह डिवाइडर पार कर दूसरी ओर जा गिरा और मौके पर ही उसकी मौत हो गई।
हादसे के लगभग एक घंटे बाद अस्पताल में उसकी पत्नी ने बेटे को जन्म दिया। परिजनों ने फिलहाल महिला को पति की मौत की जानकारी नहीं दी है। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने ट्रक चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।