दिव्य प्रकाश गुप्ता की रिपोर्ट
वाराणसी। शिवपुर थाना पुलिस और एसओजी टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए बंद मकान में हुई चोरी की घटना का सफल खुलासा कर चार शातिर चोरों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लाखों रुपये मूल्य के आभूषण, ₹4.27 लाख नकद, एक तमंचा, कारतूस और चोरी में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद की है। इस उल्लेखनीय सफलता पर पुलिस आयुक्त ने खुलासा करने वाली टीम को एक लाख रुपये का पुरस्कार देने की घोषणा की है।
पुलिस के अनुसार 5 जून 2026 को शिवपुर थाना क्षेत्र में एक परिवार तेरहवीं कार्यक्रम में शामिल होने के लिए घर से बाहर गया था। इसी दौरान चोरों ने मकान का ताला तोड़कर घर में रखे आभूषण और नकदी पर हाथ साफ कर दिया। पीड़ित की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर पुलिस टीमों को खुलासे के लिए लगाया गया था।
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि उन्होंने बंद मकान को निशाना बनाकर चोरी की वारदात को अंजाम दिया था। चोरी की गई नकदी को आपस में बांटकर खर्च कर दिया गया था, जबकि आभूषणों को बेचने की तैयारी की जा रही थी। इससे पहले ही पुलिस ने उन्हें दबोच लिया।गिरफ्तार आरोपियों में विशाल कुमार, रोहित पाल, अमन सेठ और यश सिंह शामिल हैं। इनके कब्जे से आठ ब्रेसलेट, दो चेन, अंगूठियां, लॉकेट, मंगलसूत्र, झुमके, टप्स, बालियां, कड़े समेत बड़ी मात्रा में सोने-चांदी के आभूषण तथा ₹4,27,700 नकद बरामद किए गए हैं। इसके अलावा एक .315 बोर का तमंचा, दो खोखा कारतूस, एक जिंदा कारतूस और चोरी में प्रयुक्त मोटरसाइकिल भी बरामद हुई है।
गिरफ्तारी शिवपुर क्षेत्र में गंगोत्री इंस्टीट्यूट कॉलेज के पास मुर्दहा मार्ग से की गई। आरोपियों के खिलाफ बीएनएस एवं आर्म्स एक्ट की विभिन्न धाराओं में कार्रवाई की गई है। पुलिस के अनुसार सभी अभियुक्तों के विरुद्ध पूर्व से भी कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं।
इस कार्रवाई में शिवपुर थाना पुलिस और एसओजी टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही। चोरी की घटना का त्वरित खुलासा कर बड़ी बरामदगी करने पर पुलिस आयुक्त ने पूरी टीम की सराहना करते हुए एक लाख रुपये के नगद पुरस्कार की घोषणा की है।