कृष्ण गोपाल की रिपोर्ट हरहुआ। 20 मई। नगर निगम के समस्त वार्डों के विशेष स्वच्छता अभियान के तहत आज प्रातः खंड विका अधिकारी हरहुआ बद्री प्रसाद वर्मा ने गणेशपुर वार्ड में वहां के सभासद संजय यादव के साथ झाड़ू लगाकर विशेष स्वच्छता अभियान का शुभारंभ किया।
नगर निगम के गणेशपुर वार्ड में विशेष स्वच्छता अभियान का स्वयं झाड़ू लगाकर शुभारंभ करते हुए खंड विकास अधिकारी श्री वर्मा ने स्थानीय लोगों से स्वच्छता कार्य में सहयोग करने की अपील की। उन्होंने सफाई के दौरान इकट्ठा लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करते हुए बताया कि सभी अपने- अपने घरों में कूड़े को कूड़ादान में संग्रहण करें तथा नगर निगम के कूड़े की गाड़ी पर कूड़ा देकर अपने आसपास का वातावरण स्वच्छ एवं स्वस्थ बनाएं। आस-पास का वातावरण स्वच्छ रहने से बीमारियों का प्रकोप नहीं होगा। बीमारियों पर खर्च होने वाला पैसा बचेगा। उन्होंने लोगों को बताया की सूखा एवं गीला कचरा दोनों को अलग अलग इकट्ठा करें तथा कचरे की गाड़ी में दोनों को अलग अलग दें। अगल बगल के खाली प्लाटों में कचरा न फेंकें। नालियों के गंदी रहने एवं अगल बगल गंदगी का ढेर हो तो संबंधित वार्ड के सफाई निरीक्षक एवं सुपरवाइजर से संपर्क कर सफाई कराएं। खुले में कोई भी शौच न करें। इसके लिए शौचालय का प्रयोग करें। जिससे मच्छर – मक्खियों का प्रकोप भी कम होगा। खंड विकास अधिकारी श्री वर्मा ने बताया कि नगर आयुक्त श्री हिमांशु नागपाल ने वाराणसी नगर निगम के सभी वार्डों में 15 दिवसीय विशेष स्वच्छता अभियान चलाकर नगर निगम को स्वच्छ बनाने का विशेष अभियान चलाया है। जिसमें गणेशपुर वार्ड के सेक्टर प्रभारी की जिम्मेदारी उन्हें सौंपा है।