वरिष्ठ पत्रकार राजेंद्र गुप्ता
वाराणसी –काशी की पावन धरा पर स्वर्णकार समाज की राष्ट्रीय संस्था “स्वर्णकार भारती सेवा संस्थान” वाराणसी द्वारा 08 मार्च 2026 रविवार को नाटी स्थित गणेश मंडपम् लान में सामूहिक विवाह का आयोजन किया जाएगा। इस सामूहिक विवाह में स्वर्णकार समाज के सात स्वजातीय जोड़ों का सामूहिक विवाह सम्पन्न कराया जाएगा। उक्त बातें स्वर्णकार समाज के सामूहिक विवाह सम्मेलन के अध्यक्ष रवि सर्राफ ने शुक्रवार को पराड़कर में आयोजित पत्रकार वार्ता के दौरान कही। उन्होंने बताया कि इस सामूहिक विवाह में पारिवारिक रूप से किए जाने वाले सभी धार्मिक व वैदिक रीति रिवाज के साथ विवाह संपन्न कराया जायेगा। पंजीकृत सातों जोड़ों की बारात उन्नति रेजिडेंसी मैदागिन पेट्रोल पंप के सामने से सुबह 10:00 बजे प्रस्थान कर मध्यमेश्वर, दारानगर, डीएवी कॉलेज, आदर्श इंटर कॉलेज व ईश्वर गंगी से होते हुए नाटी इमली स्थित गणेश मंडपम् लान में जायेगी। तत्पश्चात वहां पर सभी कन्या पक्ष के परिवार की महिलाओं द्वारा परछन के बाद लान के प्रांगण में सुसज्जित भव्य मंच पर सभी जोड़ों का जयमाल कराया जाएगा। सामूहिक विवाह के अवसर पर अतिथियों में राष्ट्रीय अध्यक्ष लोकतंत्र सेनानी व पूर्व राज्यसभा सदस्य कैलाश सोनी, राज्यसभा सदस्य डॉ प्रदीप वर्मा, विधायक हाटा उत्तर प्रदेश मोहन वर्मा, सदस्य विधान परिषद औरंगाबाद बिहार जीवनलाल, जौनपुर से नन्हें लाल वर्मा, मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट मनीष वर्मा जी सहित अनेक अतिथिगण मंचासीन होंगे।श्री रवि ने बताया कि विवाहोपरान्त सभी जोड़ों संस्था द्वारा दहेज स्वरूप पलंग,रजाई, गद्दा, आलमारी आदि भेंट किया जायेगा।इस सामूहिक विवाह में समाज की अग्रणी संस्थाओं सहित उत्तर प्रदेश, छत्तीसगढ़, गुजरात, महाराष्ट्र, मध्य प्रदेश, उत्तराखंड, बिहार, हरियाणा एवं अन्य कई प्रदेशों से संस्थान के पदाधिकारी व समाजसेवी बंधु भी उपस्थित होकर विवाह की शोभा बढ़ाएंगे। पत्रकार वार्ता के दौरान रवि सर्राफ के साथ साथ राष्ट्रीय संस्थापक इंजीनियर योगेंद्र कुमार, महिला प्रकोष्ठ की प्रदेश अध्यक्ष सरिता सर्राफ, जिला अध्यक्ष किशोर सेठ, सामूहिक विवाह सम्मेलन संयोजक कमल कुमार सिंह, जिला महासचिव अरुण सोनी, सम्मेलन संरक्षक विष्णु दयाल, सम्मेलन संरक्षक दीपक कुमार सेठ, कोषाध्यक्ष सतीश कुमार सिंह, महिला जिला अध्यक्ष बेबी सेठ, महिला नगर अध्यक्ष सुनिति सिंह, व अनिल सेठ आदि पदाधिकारीगण उपस्थित रहे।