विजय कुमार की रिपोर्ट वाराणसी। चोलापुर थाना क्षेत्र के चंदापुर चौकी अंतर्गत रिंग रोड पर हरिबल्लमपुर बाजार के पास सोमवार को हुए सड़क हादसे में एक बाइक सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृतक अभिलाष मिश्रा (34) पुत्र सजीवन मिश्रा, निवासी दनियालपुर थाना शिवपुर, वाराणसी, सोमवार पूर्वाह्न 11 बजे चांदमारी से रिंग रोड के रास्ते सारनाथ की ओर जा रहे थे। इसी दौरान हरिबल्लमपुर के पास तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।सूचना मिलते ही चंदापुर चौकी इंचार्ज अविनाश मिश्रा अपनी टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर पंचनामा की कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम के लिए शिवपुर भेज दिया। पुलिस अज्ञात वाहन की तलाश में जुट गई है।मृतक के परिवार की स्थिति बेहद दयनीय बताई जा रही है। अविनाश मिश्रा के दो छोटे बच्चे हैं, जिनमें एक की उम्र करीब दो वर्ष और दूसरा महज छह माह का है। उनकी पत्नी अनुराधा मिश्रा का रो-रोकर बुरा हाल है। बताया गया कि मृतक की शादी करीब आठ वर्ष पूर्व चंदौली में हुई थी।परिवार में पहले से ही आर्थिक संकट है। पिता सजीवन मिश्रा लंबे समय से बीमार चल रहे हैं, जबकि छोटा भाई गुलशन मिश्रा अभी पढ़ाई कर रहा है। ऐसे में घर की पूरी जिम्मेदारी अविनाश मिश्रा के कंधों पर ही थी। उनकी असमय मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।