दिव्य प्रकाश गुप्ता की रिपोर्ट वाराणसी सारनाथ पुलिस ने चोरी और छिनैती के दो अभियुक्तों को किया गिरफ्तार
कब्जे से पीले धातु की टिकिया,30150/नगदी किया बरामद
वाराणसी — जनपद में चोरी,लूट,छिनैती आदि की घटनाओं पर अंकुश लगाने हेतु चलाए जा रहे अभियान के दौरान सहायक पुलिस आयुक्त सारनाथ विदूष सक्सेना के नेतृत्व में गठित थानाध्यक्ष सारनाथ पंकज कुमार त्रिपाठी की पुलिस टीम द्वारा मुखबिर की सूचना पर चोरी और लूट की घटना में संलिप्त दो अभियुक्तों को शनिवार को दोपहर फरीदपुर अण्डरपास थाना सारनाथ से गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार किए गए अभियुक्तों का नाम गौरव राय उर्फ गोलू पंडित पुत्र अरुण राय निवासी परशुरामपुर थाना सारनाथ व हाल पता बुद्धासिटी कॉलोनी थाना सारनाथ तथा दूसरे का नाम शुभम भारद्वाज पुत्र राजेश कुमार निवासी घुरहुपुर थाना सारनाथ वाराणसी बताया गया। गिरफ्तार किए गए अभियुक्तों को मीडिया के सामने पेश करते हुए थानाध्यक्ष सारनाथ पंकज कुमार त्रिपाठी ने बताया कि पकड़े गए अभियुक्तों ने पूछताछ मे बताया कि हम लोगों ने 27, 28 अप्रैल 2026 की रात में मूल गंध कुटी बिहार में स्थित एक दुकान की टिन शेड उखाड़ कर फाल सीलिंग तोड़कर दुकान में घुसकर लाकर तोड़कर उसमें रखे धनराशि को चोरी कर लिए थे। जिससे मिले पैसों को आपस में हम लोगों ने बांट लिए। शनिवार को हम लोग फिर से चोरी करने की तैयारी में थे लेकिन आप लोगों ने हमें पकड़ लिया। पकड़े गए अभियुक्तों से बरामद धातु की टिकिया के संबंध में पूछे जाने पर बताया कि साहब मैंने व छोटू राजभर उर्फ लेवाड़ी ने लगभग 2 महीने पहले शक्तिपीठ गैस एजेंसी के पास से एक महिला की चेन छीनकर भाग गए थे। इस चैन को गलवाकर अपने पास रखा था। यह वही पीले धातु की टिकिया है जिसका वजन 11 ग्राम और बरामद नगदी 30150/ है। पुलिस के अनुसार गौरव राय पर सारनाथ में नौ तथा शुभम भारद्वाज पर दो मुकदमे हैं। गिरफ्तार अभियुक्तों को भा0द0वि0 की धारा 304(2) बीएनएस और 305 (ए),331(4) बीएनएस के अन्तर्गत मुकदमा पंजीकृत कर विधिक कार्यवाही करते हुए जेल भेजा गया। गिरफ्तार करने वाली पुलिस टीम में थानाध्यक्ष सारनाथ पंकज कुमार त्रिपाठी, उ0नि0 सौरभ पति त्रिपाठी, उ0नि0 अजय कुमार, उ0नि0 राम अजोर, का0 रवि यादव आदि शामिल रहे।