रिपोर्ट /गुफरान अहमद
मिर्जापुर जनपद के हलिया थाना क्षेत्र में सोमवार देर शाम एक भीषण सड़क हादसे ने दो परिवारों की खुशियां छीन लीं। मुड़पेली गांव के पास तेज रफ्तार मैजिक गाड़ी और अपाचे बाइक के बीच आमने-सामने की जोरदार टक्कर हो गई। हादसा इतना भयावह था कि बाइक सवार दोनों युवकों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में चीख-पुकार मच गई और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए।
मृतकों की पहचान कवलझर गांव निवासी सुनील कोल और सोनगढ़ा गांव निवासी मोनू कोल के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि दोनों रिश्तेदार थे और पिपरा गांव से अपने घर वापस लौट रहे थे। इसी दौरान सामने से आ रही मैजिक गाड़ी ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी।
सूचना मिलते ही हलिया थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। हादसे की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया और गांव में मातम का माहौल है।
हलिया थाना प्रभारी राजीव कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।