वरिष्ठ प्रकार राजेंद्र गुप्ता
वाराणसी — शहर की कानून व्यवस्था को चुश्त-दुरूस्त बनाने हेतु सोमवार को पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल ने स्वयं सड़क पर उतरकर व्यवस्था को नियंत्रित किया। उन्होंने बिना अनुमति धरना, प्रदर्शन अथवा कानून व्यवस्था प्रभावित करने के प्रयासों के प्रति जीरो टॉलरेंस अपनाते हुए पीएमओ कार्यालय मालवीय चौराहा से नरियां तक पैदल भ्रमण कर शहर में कानून एवं शांति व्यवस्था की स्थिति का प्रत्यक्ष निरीक्षण किया तथा संबंधित अधिकारियों एवं तैनात पुलिस बल को आवश्यक दिशा निर्देश भी प्रदान किये। इस दौरान उन्होंने नीट यूजी 2026 पर्चा लीक के विरोध में राजनीतिक दल द्वारा बिना अनुमति प्रस्तावित धरना प्रदर्शन के दृष्टिगत पुलिस आयुक्त स्वयं शहर के विभिन्न संवेदनशील स्थानों पर पहुंचे तथा मौके पर तैनात पुलिस बल को ब्रीफ कर सतर्क रहकर ड्यूटी करने के निर्देश दिए। पुलिस आयुक्त द्वारा अधीनस्थों को निर्देशित किया गया कि ऐसे आंदोलन एवं धरना प्रदर्शनों की आड़ में असामाजिक तत्वों द्वारा पथराव एवं हिंसक गतिविधियों को अंजाम दिए जाने की संभावना के दृष्टिगत तैनात पुलिसकर्मी दंगा नियंत्रण यंत्र (हेलमेट, डंडा, बॉडी प्रोटेक्टर, असलहे )आदि के साथ पूर्ण सतर्कता पर्याप्त सुरक्षा उपायों एवं पूरी मुस्तैदी के साथ ड्यूटी करें। उन्होंने संवेदनशील एवं भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में सीसीटीवी कैमरों एवं ड्रोन कैमरों के माध्यम से निरंतर सतर्क रहकर निगरानी रखने हेतु मातहतों को निर्देश दिए ताकि किसी भी संदिग्ध अथवा अव्यवस्था उत्पन्न करने वाली गतिविधियों पर तत्काल आवश्यक कार्रवाई किया जा सके। पुलिस आयुक्त ने उपस्थित उच्च अधिकारियों को क्षेत्र में निरंतर भ्रमणशील रहने, विभिन्न पॉइंट पर तैनात पुलिस बल का मनोबल बढ़ाने एवं आवश्यक निर्देश देते रहने को कहा ताकि पुलिस बल को स्पष्ट रूप से ज्ञात रहे कि उन्हें क्या करना है और क्या नहीं। पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल द्वारा स्पष्ट किया गया कि शहर की कानून एवं शांति व्यवस्था को भंग करने वाले किसी भी प्रकार के जुलूस रैली या प्रदर्शन पूर्ण प्रतिबंधित हैं, और उसका उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई भी की जाएगी।













