कार्यालय प्रतिनिधि की रिपोर्ट वाराणसी पुलिस कमिश्नरेट मोहित अग्रवाल की अध्यक्षता में 29 अगस्त को हुई मासिक अपराध समीक्षा बैठक के बाद कमिश्नरेट में बड़ा फेरबदल हुआ है। ACP स्तर के 2 अधिकारियों और 6 थाना प्रभारियों के कार्यक्षेत्र बदले गए हैं, जबकि काम में लापरवाही पर 2 इंस्पेक्टरों को लाइन हाजिर कर दिया गया है।
CP ने बैठक में सख्त रुख अपनाते हुए कहा कि जनसुनवाई, अपराध नियंत्रण और कानून-व्यवस्था में लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी। शिथिलता बरतने पर गाज गिरेगी और केवल उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले अधिकारी ही थानाध्यक्ष पद पर बने रहेंगे।
ACP स्तर पर बदलाव और SOG-2 का गठन
एसीपी कैंट रहे अपूर्व पाण्डेय को सहायक पुलिस आयुक्त (साइबर क्राइम) बनाया गया है। अवकाश से वापसी के बाद प्रज्ञा पाठक को एसीपी कैंट की जिम्मेदारी दी गई है। वहीं, अवैध गतिविधियों जैसे जुआ, सट्टा, देह व्यापार, हुक्का बार और मादक द्रव्यों की बिक्री पर निगरानी के लिए SOG-2 का गठन किया गया है, जिसके प्रभारी उप निरीक्षक पंकज सिंह चौहान होंगे।
लापरवाही पर दो इंस्पेक्टर नपे
श्रेया उपाध्याय हत्याकांड के मुख्य आरोपी विवेक चौबे की गिरफ्तारी न होने पर राजातालाब थानाध्यक्ष दयाराम को और कार्य में लापरवाही पर चौक इंस्पेक्टर दिलीप कुमार मिश्र को लाइन हाजिर किया गया है। फूलपुर प्रभारी राजीव कुमार सिंह का दूसरे जिले में ट्रांसफर होने पर उन्हें पुलिस लाइन भेजा गया है।
*नई तैनाती:*
– अजय राज वर्मा – मंडुवाडीह से फूलपुर
– विजय कुमार शुक्ला – चेतगंज से चौक
– दिगंबर उपाध्याय – लोहता से मंडुवाडीह
– पवन पांडेय – रमना चौकी से चेतगंज
– अभिजीत सिंह – मीडिया सेल से लोहता
– जितेंद्र कुमार – रोहनिया से राजातालाब
*बैठक के प्रमुख निर्देश:* D-60 और D-90 के लंबित मामलों का निस्तारण, महिला अपराधों में जीरो टॉलरेंस, लूट और चेन स्नैचिंग का अनावरण, अंतर-थाना अपराधियों पर निगरानी, साइबर फ्रॉड में धारा 111 BNS के तहत पीड़ितों को रकम वापसी, पैदल गश्त, अतिक्रमण हटाने, स्कूल-हॉस्टल के CCTV चेक करने और जन्माष्टमी व गणेश चतुर्थी पर सुरक्षा के कड़े निर्देश दिए गए।
बैठक में अपर पुलिस आयुक्त शिवहरी मीणा, आलोक प्रियदर्शी सहित सभी अधिकारी मौजूद रहे।