वाराणसी दिव्य प्रकाश गुप्ता की रिपोर्ट। गंगा का जलस्तर एक बार फिर तेजी से बढ़ने लगा है। केंद्रीय जल आयोग (CWC) के राजघाट गेज स्थल पर गुरुवार सुबह आठ बजे नदी का जलस्तर 70.56 मीटर दर्ज किया गया। यह चेतावनी स्तर 70.262 मीटर से 29.8 सेंटीमीटर ऊपर है। जलस्तर फिलहाल एक सेंटीमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से बढ़ रहा है।
सीडब्ल्यूसी के आंकड़ों के मुताबिक बीते 24 घंटे में गंगा के जलस्तर में 28 सेंटीमीटर की बढ़ोतरी हुई है। बुधवार सुबह के मुकाबले गुरुवार सुबह पानी में यह उछाल नदी के बढ़ते दबाव का संकेत दे रहा है। सुबह आठ बजे तक वाराणसी में 28.2 मिलीमीटर बारिश भी दर्ज की गई, जिससे नदी और तटीय इलाकों में सतर्कता बढ़ गई है।
गंगा का जलस्तर अब खतरे के निशान 71.262 मीटर से महज 70.2 सेंटीमीटर नीचे है। हालांकि अभी जलस्तर खतरे के निशान से नीचे है, लेकिन लगातार बढ़ते ट्रेंड ने प्रशासन और तटवर्ती क्षेत्रों में निगरानी बढ़ाने की जरूरत बढ़ा दी है।
सीडब्ल्यूसी के अनुसार गंगा का उच्चतम बाढ़ स्तर (H.F.L.) 73.901 मीटर है। जलस्तर में लगातार बढ़ोतरी को देखते हुए घाटों और निचले इलाकों में विशेष सतर्कता जरूरी हो गई है। आने वाले घंटों में बारिश और नदी के प्रवाह पर जलस्तर की दिशा निर्भर करेगी।