वीडीए उपाध्यक्ष ने जीआईएस आधारित मास्टर प्लान की प्रगति का किया समीक्षा
वाराणसी — विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष पूर्ण बोरा की अध्यक्षता में गुरुवार को जीआईएस आधारित मास्टर प्लान की प्रगति की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में नगर नियोजक प्रभात कुमार, संतोष त्रिपाठी (मैनेजर जीआईएस स्मार्ट सिटी) तथा एसजीएल जीआईएस कंसलटेंट उपस्थित रहे। बैठक में एसजीएल जीआईएस कंसल्टेंट द्वारा सूरत म्युनिसिपल कॉरपोरेशन में जीआईएस के उपयोग एवं उसकी कार्य प्रणाली पर विस्तृत प्रस्तुति दी गई। प्रस्तुति में बताया गया की सूरत में जीआईएस प्लेटफार्म के माध्यम से प्लॉट सर्च, लैंड ड्यूज़, बिल्डिंग फुटप्रिंट, बिल्डिंग परमिशन, प्रॉपर्टी टैक्स सहित टाउन प्लानिंग से संबंधित समग्र जानकारी एक ही स्थान पर नागरिकों को उपलब्ध कराई जाती है। समीक्षा बैठक में वाराणसी स्मार्ट सिटी एवं वीडीए द्वारा संयुक्त रूप से जीआईएस आधारित प्लानिंग के अंतर्गत किए गए कार्यों पर चर्चा की गई। अधिकारियों ने यह भी बताया कि जीआईएस प्लेटफार्म पर लैंड न्यूज़, मैप अप्रूवल, ग्रीन बेल्ट, पार्क, मान्युमेंट तथा किसी भी भवन के स्वामित्व एवं स्वीकृत मानचित्र जैसी सभी महत्वपूर्ण परतों को अद्यतन रूप से अपलोड किया जाएगा, जिससे नागरिकों को समस्त जानकारी एक ही पोर्टल से सरलता से एवं पारदर्शिता के साथ प्राप्त हो सकेगी।बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि नए जोड़े गए क्षेत्रों के जीआईएस आधारित मास्टर प्लान में भू आकृतिक मानचित्रण, अद्यतन भूमि उपयोग डाटा तथा आधारभूत संरचना से संबंधित सभी लेयर्स को वैज्ञानिक एवं पारदर्शी पद्धति से सम्मिलित किया जाए। उपाध्यक्ष ने समयबद्ध रूप से मास्टर प्लान को पूर्ण करने पर विशेष जोर देते हुए कहा कि इसके माध्यम से विस्तारित क्षेत्रों में योजनागत विकास,सुगम अनुमोदन प्रक्रियाएं, तथा डेटा आधारित शहरी नियोजन को बढ़ावा मिलेगा। वरिष्ठ पत्रकार राजेंद्र गुप्ता