लखनऊ, काशी दीप विजन, नवीन प्रकाश सिंह।भारतीय जनता पार्टी के नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने कहा कि भाजपा ऐसा एकमात्र राजनीतिक संगठन है, जहां एक सामान्य कार्यकर्ता को भी शीर्ष जिम्मेदारी मिल सकती है। उन्होंने स्पष्ट किया कि पार्टी में न तो वंशवाद है, न परिवारवाद और न ही जातिवाद, बल्कि यहां समर्पित कार्यकर्ता ही संगठन की असली ताकत हैं।प्रदेश अध्यक्ष बनने के बाद अपने पहले बयान में पंकज चौधरी ने कहा कि पार्टी के सभी कार्यकर्ता उनके लिए सर्वोपरि हैं। उन्होंने भरोसा दिलाया कि वह कार्यकर्ताओं के सम्मान, अधिकार और विचारों के लिए हर स्तर पर संघर्ष करेंगे, जरूरत पड़ी तो अड़ेंगे भी और सभी की बात ध्यान से सुनेंगे।उन्होंने संगठन को मजबूत करने के लिए चार आवश्यक स्तंभों का उल्लेख करते हुए कहा कि कार्यालय, कार्यक्रम, कार्यकर्ता और कोष—ये चारों चीजें किसी भी संगठन की रीढ़ होती हैं। इन्हीं के सहारे भाजपा आगे बढ़ रही है और आगे भी बढ़ेगी।पंकज चौधरी ने कहा कि वह प्रदेश अध्यक्ष के रूप में किसी पर शासन (रूल) करने नहीं, बल्कि अपनी भूमिका (रोल) निभाने आए हैं। संगठन, संपर्क, संवाद और समन्वय उनके मूल मंत्र होंगे। उन्होंने यह भी कहा कि पार्टी के सभी वरिष्ठ व अनुभवी कार्यकर्ताओं के अनुभवों का भरपूर उपयोग किया जाएगा।अंत्योदय की भावना पर बोलते हुए उन्होंने कहा कि पं. दीनदयाल उपाध्याय की सोच को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने धरातल पर उतारा है। आज सरकारी योजनाएं समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंच रही हैं, जो भाजपा सरकारों की सबसे बड़ी उपलब्धि है।मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की प्रशंसा करते हुए पंकज चौधरी ने कहा कि एक समय था जब गोरखपुर का नाम सुनकर लोग पीछे हट जाते थे, लेकिन मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के कार्यों से आज वहां को सम्मान की दृष्टि से देखा जाता है। उन्होंने कहा कि योगी जी ने अपने नेतृत्व में उत्तर प्रदेश का कायाकल्प किया है और प्रदेश को विकास व सुशासन की नई दिशा दी है।प्रदेश अध्यक्ष के इस बयान को संगठन में नई ऊर्जा और कार्यकर्ताओं में उत्साह भरने वाला बताया जा रहा है