कार्यालय प्रतिनिधि की रिपोर्ट वाराणसी
वाराणसी–भारत की सुप्रसिद्ध अंतर्राष्ट्रीय चित्रकार और गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड होल्डर डॉ. नेहा सिंह ने एक बार फिर देश का नाम रोशन करने की तैयारी कर ली है। उत्तर प्रदेश पुलिस के गौरव और समर्पण को समर्पित करते हुए डॉ. नेहा ने विश्व के सबसे बड़े ‘पुलिस प्रतीक’ (Police Badge) का निर्माण किया है। 3 मीटर × 2.4 मीटर आकार वाले इस बैज के साथ भारत अब संयुक्त अरब अमीरात (UAE) के नाम दर्ज मौजूदा रिकॉर्ड को चुनौती देने के लिए तैयार है।वर्तमान में दुनिया के सबसे बड़े पुलिस बैज का रिकॉर्ड रास अल खैमा पुलिस (UAE) के पास है, जिसका आकार 1.54 मीटर × 1.15 मीटर है। डॉ. नेहा सिंह द्वारा निर्मित यह नया प्रतीक उससे लगभग दोगुना बड़ा है। इस अभूतपूर्व कार्य का मार्गदर्शन सात वर्ष पूर्व लखनऊ रेंज के वर्तमान IG आदरणीय किरण एस. (IPS) द्वारा दिया गया था। इस भव्य कलाकृति को पूर्ण करने में लगभग एक वर्ष और छह महीने का समय लगा है। 3.2 किलोग्राम वजन वाले इस विशाल प्रतीक को अत्यंत जटिल ‘जरी कढ़ाई’ के माध्यम से तैयार किया गया है इस भव्य कलाकृति का विमोचन माननीय श्री रवींद्र जायसवाल जी राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार), उतर प्रदेश, तथा आदरणीय मोहित अग्रवाल IAS पुलिस कमिश्नर वाराणसी, ने पुलिस लाइन वाराणसी में किया। इस अवसर पर उत्तर प्रदेश पुलिस वाराणसी के समस्त पदाधिकारी उपस्थित रहे। डॉ. नेहा सिंह ने इस अवसर पर कहा, “यह कलाकृति न केवल एक विश्व रिकॉर्ड का प्रयास है, बल्कि हमारे पुलिस बल के त्याग और सेवा के प्रति एक सम्मान है। यह उत्तर प्रदेश की कलात्मक विरासत और खाकी के सम्मान का मिलन है।” इस उपलब्धि को आधिकारिक तौर पर ‘गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड्स’ में दर्ज कराने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। यह न केवल उत्तर प्रदेश बल्कि पूरे भारत के लिए एक ऐतिहासिक क्षण होगा जब उत्तर प्रदेश पुलिस सम्मान का सबसे बड़ा वैश्विक कीर्तिमान भारत के नाम दर्ज होगा।