: मिर्जापुर कछवा थाना क्षेत्र के लरवक गांव में प्रेम प्रपंच से जुड़े मामले में पंचायत के दौरान लाठी-डंडों से की गई पिटाई का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है। वायरल वीडियो बुधवार शाम का बताया जा रहा है। घटना में एक युवक के साथ उसकी मां और बहन भी बीच-बचाव के दौरान घायल हो गईं। एक रिपोट पीड़ित युवक के अनुसार, रिश्ते में मामी लगने वाली एक युवती एक रात अपने घर से गायब हो गई थी, जिसके बाद उस पर शक जताया गया। इसी बात को लेकर गांव के लरवक स्थित मंदिर परिसर में दोनों पक्षों की मौजूदगी में पंचायत बुलाई गई। पंचायत के दौरान दोनों पक्षों के बीच बातचीत के बाद शंकाओं का समाधान हो गया था और मामला शांत हो गया था।आरोप है कि इसी बीच मौके पर पहुंचे क्षेत्र के दबंग महादेव नामक युवक ने अपने कुछ साथियों के साथ अचानक हमला कर दिया। लाठी-डंडों से की गई इस मारपीट में युवक को गंभीर चोटें आईं। जब उसकी मां नगीना देवी और बहन पूजा उसे बचाने के लिए आगे आईं तो उनके साथ भी मारपीट की गई, जिससे वे भी घायल हो गईं।
पीड़ित का कहना है कि घटना के बाद वह परिजनों के साथ कछवा थाने पहुंचा और लिखित शिकायत की, लेकिन पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की। आरोप है कि उन्हें थाने से घर जाने के लिए कह दिया गया। इसके बाद घायलों ने स्थानीय अस्पताल में इलाज कराया और घर लौट आए। पीड़ित परिवार का दावा है कि अब तक कोई पुलिस कर्मी जांच के लिए उनके घर नहीं पहुंचा।
वायरल वीडियो में पंचायत स्थल पर खुलेआम लाठी-डंडों से पिटाई होते देखी जा सकती है । गुफरान अहमद की रिपोर्ट मिर्जापुर