Follow us on

हैदराबाद गेट क्षेत्र में शराबियों का उत्पात, खबर का असर—6 दिन बाद चालक और वाहन पकड़े गए

Share this post:

कार्यालय प्रतिनिधि की रिपोर्ट

वाराणसी के हैदराबाद गेट क्षेत्र में 09 अप्रैल को असामाजिक तत्वों द्वारा उत्पात मचाने का मामला सामने आया था, जिसे मीडिया में प्रमुखता से प्रसारित किया गया था। अब इस खबर का स्पष्ट प्रभाव देखने को मिला है, जहां लगभग 6 दिन बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी चालक एवं वाहन को पकड़ लिया है।

स्थानीय निवासियों एवं दुकानदारों के अनुसार, क्षेत्र में आए दिन देर रात नशे में धुत लोग हंगामा करते हैं, जिससे आमजन और व्यापारियों को भारी असुविधा का सामना करना पड़ता है। छेड़खानी एवं अभद्र व्यवहार की घटनाएं भी लगातार सामने आ रही थीं, जिससे क्षेत्र में भय और असुरक्षा का माहौल बना हुआ था।

ज्ञात हो कि 09 अप्रैल की रात लगभग 11:00 बजे एक सफेद स्कॉर्पियो में सवार कुछ युवक, जो कथित रूप से नशे की हालत में थे, हैदराबाद गेट के पास एक युवती के साथ छेड़खानी एवं जबरदस्ती करने का प्रयास कर रहे थे। घटना को देखकर स्थानीय लोगों में आक्रोश फैल गया।

आक्रोशित लोगों ने स्कॉर्पियो वाहन को रोककर उसमें सवार युवकों को बाहर निकाल लिया और उनकी पिटाई कर दी। इस दौरान वाहन को भी क्षतिग्रस्त कर दिया गया। मौके पर कुछ समय तक तनावपूर्ण स्थिति बनी रही।

सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित करते हुए युवकों को भीड़ से बचाया। इस दौरान एक पुलिसकर्मी भी घायल हुआ।

मीडिया में खबर प्रसारित होने के बाद प्रशासनिक अमले में हलचल मच गई।

इसी क्रम में 15 अप्रैल को पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए स्कॉर्पियो वाहन को चालक सहित गौतम नगर तिराहे के पास से पकड़ लिया। आरोपी चालक को चितईपुर थाने लाकर हवालात में रखा गया है, जबकि वाहन को थाना परिसर में सीज करने की कार्रवाई की जा रही है।

चितईपुर चौकी प्रभारी विवेक शुक्ला ने बताया कि मुखबिर से सूचना मिली थी कि संबंधित स्कॉर्पियो वाहन क्षेत्र से गुजरने वाला है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम सक्रिय हुई और गौतम नगर तिराहे के पास से वाहन को पकड़ लिया गया।

इस कार्रवाई में चितईपुर थाना प्रभारी राकेश गौतम, चौकी प्रभारी विवेक शुक्ला, उप निरीक्षक राकेश सिंह, हेड कांस्टेबल कमलेश सिंह एवं कांस्टेबल अंकित सोनकर सहित पुलिस बल की सक्रिय भूमिका रही।

स्थानीय नागरिकों का कहना है कि मीडिया की पहल के बाद प्रशासन की सक्रियता बढ़ी है, जिससे लोगों में भरोसा जगा है। उन्होंने मांग की है कि इस तरह की कार्रवाई लगातार जारी रहे, ताकि क्षेत्र में स्थायी रूप से शांति एवं सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।

लेखक के बारे में

खबरें और भी हैं...

लाइव क्रिकट स्कोर

मौसम अपडेट

राशिफल

0
Would love your thoughts, please comment.x
()
x