गुफरान अहमद की रिपोर्ट मिर्जापुर
मीरजापुर। माँ विन्ध्यवासिनी स्वशासी राज्य चिकित्सा महाविद्यालय से सम्बद्ध मंडलीय जिला चिकित्सालय, मीरजापुर में मंगलवार पूर्वान्ह 11:30 बजे चिकित्सा सेवाओं को सुदृढ़ करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाया गया। चिकित्सालय के द्वितीय तल पर नव निर्मित ‘धन्वंतरि सभा कक्ष’ का उद्घाटन नगर विधायक श्री रत्नाकर मिश्र ने विधिवत रूप से किया। इस अवसर पर चिकित्सालय प्रशासन, चिकित्सक एवं स्टाफ बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए विधायक श्री मिश्र ने कहा कि बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं किसी भी क्षेत्र के विकास की रीढ़ होती हैं। उन्होंने चिकित्सकों की कमी को दूर करने तथा कार्डियोलॉजी, न्यूरोलॉजी, गैस्ट्रोएंटरोलॉजी और ऑन्कोलॉजी जैसी सुपर स्पेशियलिटी सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए मुख्यमंत्री एवं स्वास्थ्य मंत्री से वार्ता करने का आश्वासन दिया। उन्होंने चिकित्सकों से मरीजों के प्रति संवेदनशीलता और गुणवत्ता युक्त इलाज पर विशेष जोर देने की अपील की।प्राचार्य प्रो. (डा.) संजीव कुमार सिंह ने बताया कि धन्वंतरि सभा कक्ष के निर्माण से चिकित्सकों की मासिक समीक्षा बैठकें, गुणवत्ता परीक्षण और शासन/उच्च संस्थानों की निरीक्षण बैठकों को सुव्यवस्थित ढंग से संचालित किया जा सकेगा। उन्होंने मेडिकल कॉलेज की उपलब्धियों की जानकारी देते हुए कहा कि वर्तमान में 100 एमबीबीएस सीटें, तीन विभागों में एमएस/एमडी पाठ्यक्रम, 60 पैरामेडिकल सीटें संचालित हैं तथा आगामी वर्ष से 60 नर्सिंग सीटों की शुरुआत प्रस्तावित है।उन्होंने यह भी बताया कि मेडिकल कॉलेज के विस्तार हेतु कृषि विभाग की 7.5 एकड़ भूमि के अधिग्रहण का प्रस्ताव शासन को भेजा गया है, जिससे भविष्य में छात्रों के लिए खेल मैदान, जूनियर–सीनियर रेजिडेंट्स के हॉस्टल और अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध हो सकेंगी।कार्यक्रम में मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डा. एस.के. श्रीवास्तव, डा. योगेन्द्र बहादुर सिंह, डा. सुनील कुमार सिंह, डा. पंकज पाण्डेय, सहित अनेक वरिष्ठ चिकित्सक, नर्सिंग अधीक्षिका श्रीमती शकुन्तला एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। यह उद्घाटन मीरजापुर की स्वास्थ्य सेवाओं के उज्ज्वल भविष्य की ओर एक सकारात्मक कदम माना जा रहा है।