गुफरान अहमद की रिपोर्ट
मिर्जापुर जिले के मड़िहान थाना क्षेत्र के देवरी कला स्थित विंध्य विश्वविद्यालय परिसर के पास जंगल में एक 45 वर्षीय महिला का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतका की पहचान सोनभद्र घोरावल निवासी तेतरी पत्नी रामपति के रूप में हुई है। वह विंध्य विश्वविद्यालय परिसर में एक ठेकेदार के साथ मजदूरी का कार्य करती थीं।वताया गया कि तेतरी प्रतिदिन सुबह काम पर आती थीं । सामान्यतः शाम करीब 5 बजे काम समाप्त कर घर लौटती थीं। घटना वाले दिन भी वह अपने सहकर्मी बलिराम मिस्त्री के साथ कार्य कर रही थीं, लेकिन शाम को घर नहीं पहुंचीं
परिजनों ने बताया कि पिछले करीब 15 दिनों में तेतरी केवल एक-दो बार ही घर गई थीं, जिससे पहले से ही परिवार चिंतित था। मृतका के तीन बेटे और दो बेटियां हैं। बेटे सूरत में मजदूरी करते हैं, जबकि बेटियां अपने-अपने ससुराल में रहती हैं। पति रामपति गलीचा बनाने का कार्य करते हैं।
परिजनों के अनुसार, घटना से कुछ समय पहले तेतरी ने अपने पति से मोबाइल फोन पर बातचीत की थी, इसके बाद उनका फोन बंद हो गया। जब देर रात तक संपर्क नहीं हो सका तो परिजनों ने खोजबीन शुरू की। सुबह जंगल में शव मिलने की सूचना से परिवार में कोहराम मच गया।
महिला का शव जिस हालत में जंगल में मिला, उससे मामला संदिग्ध प्रतीत हो रहा है। स्थानीय लोगों और परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है। घटनास्थल के आसपास किसी प्रकार के संघर्ष के संकेत हैं या नहीं, इसकी जांच की जा रही है।
सीओ आपरेशन शिखा भारती ने बताया कि सूचना मिलते ही मड़िहान थाना पुलिस, उच्च अधिकारी एवं फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। साथ ही मृतका के सहकर्मियों, ठेकेदार और आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है।