सम्भागीय कृषि परीक्षण केन्द्र पर‌ एकदिवसीय किसान मेले का हुआ आयोजन 

वरिष्ठ पत्रकार राजेंद्र गुप्ता

वाराणसी –राष्ट्रीय कृषि योजना के अंतर्गत मंगलवार को संभागीय कृषि परीक्षण केंद्र पर एकदिवसीय किसान मेले का आयोजन किया गया। इस किसान मेले में सैकड़ो किसानों ने प्रतिभाग किया। मेले में मुख्य अतिथि के रूप में जिला पंचायत अध्यक्ष पूनम मौर्या उपस्थित रहीं। मुख्य अतिथि ने दीप प्रज्ज्वलित कर किसान मेले का शुभारम्भ कराया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि पूनम मौर्या ने कहा कि किसानों को मृदा स्वास्थ्य कार्ड, फसल बीमा यंत्रीकरण एवं पीएम किसान सम्मान निधि से किसानों को सशक्त बनाया जा रहा है। मुख्य अतिथि ने प्रशिक्षण एवं प्रदर्शन की फसलों के साथ साथ बीज परीक्षण प्रयोगशाला का भी निरीक्षण किया।इस मौके पर संयुक्त कृषि निदेशक शैलेंद्र कुमार ने किसानों से अपील किया कि आप सभी किसान भाई फार्मर रजिस्ट्री जल्द से जल्द पूर्ण करायें जिससे आप लोग पीएम सम्मान निधि से लाभान्वित हो सकें। किसान भाइयों से कम से कम पांच पौधे लगाने का अनुरोध भी किया गया। अंतरराष्ट्रीय चावल अनुसंधान संस्थान के वैज्ञानिक डॉक्टर विपिन कुमार द्वारा धान की सीधी बुवाई के बारे में जानकारी दी गई। राष्ट्रीय बीज अनुसंधान संस्थान के वैज्ञानिक डॉक्टर एमपी यादव द्वारा उन्नतशील बीज की उपलब्धता सूनिश्चित करने हेतु संस्थान की प्रतिबद्धता के साथ-साथ बीज प्रौद्योगिकी के उन्नत तकनीकी से किसानों को अवगत कराया। डॉक्टर राहुल सिंह द्वारा मशरूम की खेती के बारे में विशेष जानकारी दी गई। डॉ पूजा सिंह द्वारा कृषकों को प्रेरित किया गया कि आप पशुपालन का कार्य करते हुए खेती का कार्य जारी रखें जिसमें मृदा में जीवांश कार्बन की मात्रा बनी रहे। राष्ट्रीय बीज निगम के सहायक महाप्रबंधक डाक्टर योगेंद्र बताया कि देश में अच्छे उन्नतशील बीज को संस्था द्वारा कैसे उत्पादित करके किसानों तक पहुंचाया जाता है। भूमि संरक्षण अधिकारी अशोक यादव द्वारा मृदा स्वास्थ्य एवं जल संरक्षण योजना से संबंधित खेत तालाब योजना तथा भूमि सुधार योजना के बारे में किसानों को जानकारी दी गई। इस मेले में विभिन्न सरकारी एवं निजी फर्मो द्वारा कृषि प्रदर्शनी भी लगाई गई जिसमें सन इंडिया रोहनिया को उत्कृष्ट प्रदर्शन हेतु प्रथम स्थान प्राप्त हुआ। इसी के साथ कृषि से संबंधित प्रगतिशील किसानो को भी सम्मानित किया गया। उप कृषि निदेशक शोध द्वारा आए हुए समस्त किसानों का आभार व्यक्त किया गया एवं अपने केंद्र पर आयोजित प्रशिक्षण एवं प्रदर्शन के विषय में विस्तृत चर्चा एवं नए बीज तकनीकी से संबंधित जानकारी दी गई। इस मेले का संचालन डॉक्टर दुर्गेश सिंह द्वारा किया गया। किसान मेला में प्रमुख रूप से विनोद सोनकर, प्रक्षेत्र अधीक्षक सुनील कुमार, वनस्पति प्रभारी के साथ साथ अन्य कर्मचारीगण उपस्थित रहे।

0 0 votes
Article Rating
Subscribe
Notify of
guest
0 Comments
Oldest
Newest Most Voted
0
Would love your thoughts, please comment.x
()
x