दिव्य प्रकाश गुप्ता की रिपोर्ट
वराणसी- शिवपुर थाना क्षेत्र के प्रतिष्ठित यू.पी. कॉलेज परिसर में हुई छात्र सूर्यप्रताप सिंह की सनसनीखेज हत्या के मामले में वाराणसी पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस उपायुक्त वरुणा ज़ोन के निर्देशन में गठित संयुक्त टीम (शिवपुर पुलिस व एस.ओ.जी.) ने घटना के मुख्य अभियुक्त मंजीत चौहान को शनिवार भोर में गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने घटनास्थल से हत्या में प्रयुक्त अवैध पिस्टल, कारतूस और खोखे भी बरामद किए हैं।
रैगिंग के विवाद में मारी गई थी 5 गोलियां
पूछताछ के दौरान गिरफ्तार आरोपी मंजीत चौहान ने अपना जुर्म स्वीकार करते हुए बताया कि मृतक सूर्यप्रताप सिंह और उसके साथी अक्सर रैगिंग के नाम पर उसे और उसके दोस्तों को परेशान करते व मारपीट करते थे। आरोपी के अनुसार, घटना वाले दिन भी कॉलेज परिसर में उनके बीच कहासुनी और डराने-धमकाने की बात हुई थी। इसी आपसी रंजिश और गुस्से में आकर मंजीत और उसके साथी अनुज सिंह ने प्रशासनिक भवन के पास सूर्यप्रताप पर करीब 4-5 राउंड फायरिंग कर दी, जिससे उसकी मौत हो गई।
घेराबंदी कर सुबह दी गई दबिश
पुलिस आयुक्त वाराणसी द्वारा चलाये जा रहे विशेष अभियान के तहत, इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस और मुखबिर की सटीक सूचना पर पुलिस ने जाल बिछाया। अभियुक्त मंजीत चौहान (उम्र 20 वर्ष) निवासी चांदमारी, बड़ालालपुर को आज दिनांक 21 मार्च 2026 को सुबह करीब 05:45 बजे रामेश्वर महादेव इंटर कॉलेज, शिवपुर के पास से गिरफ्तार किया गया। आरोपी घटना के बाद भागते समय छत से कूदने के कारण घायल भी हो गया था और इलाज के लिए जाते समय पकड़ा गया।
बरामदगी और कानूनी कार्यवाही
फील्ड यूनिट और पुलिस टीम ने मामले की गंभीरता को देखते हुए साक्ष्य संकलन किया है। बरामद सामग्री में शामिल है:
⏭️ 01 अवैध पिस्टल (घटना में प्रयुक्त)
⏭️ 01 अदद जिंदा कारतूस (7.65 एमएम)
⏭️ 04 अदद खोखा कारतूस और 01 बुलेट
प्रभारी निरीक्षक अजीत कुमार वर्मा के नेतृत्व में पुलिस टीम इस मामले में अग्रिम विधिक कार्यवाही कर रही है। पुलिस अब घटना में शामिल दूसरे फरार आरोपी अनुज सिंह की तलाश में जुटी है।
पुलिस टीम
इस सफल कार्यवाही में शिवपुर थाना प्रभारी अजीत कुमार वर्मा, उप-निरीक्षक कृष्ण कुमार सरोज, अनिकेत श्रीवास्तव, मुख्य आरक्षी लवकुश कुमार, आरक्षी किशन सोनकर और एस.ओ.जी. व फील्ड यूनिट की टीम शामिल रही।