वरिष्ठ पत्रकार राजेंद्र गुप्ता
वाराणसी— श्री अग्रसेन कन्या पीजी कॉलेज परमानन्दपुर वाराणसी में शनिवार को इंस्टिट्यूशन इन्नोवेशन काउंसिल के अंतर्गत छात्राओं द्वारा ” एक विचार अनेक उत्पाद ” बिषयक एक नवाचार आधारित प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। इस प्रदर्शनी का उद्देश्य छात्राओं में रचनात्मक सोच, नवाचार एवं उद्यमिता कौशल का विकास करना था। इस कार्यक्रम को शुभारम्भ अतिथियों द्वारा माता सरस्वती जी की प्रतिमा पर माल्यार्पण, पुष्पांजलि और दीप प्रज्वलन कर कराया गया। इस अवसर पर सहायक प्रबंधक डॉक्टर रूबी शाह ने छात्राओं के प्रयासों की सराहना की साथ ही कहा कि नवाचार ही वर्तमान समय की आवश्यकता है। इससे छात्राओं को विभिन्न रोजगार के अवसर प्राप्त होंगे। विद्यालय की प्राचार्य प्रो. मिथिलेश सिंह ने कहा कि इस प्रकार की गतिविधियां छात्राओं को आत्मनिर्भर बनने को प्रेरित करती हैं तथा उनके अंदर छिपी प्रतिभा को निखारने का अवसर प्रदान करती हैं। साथ ही उन्होंने छात्राओं को नवाचार से संबंधित अनेक सुझाव भी दिए। इस प्रदर्शनी में छात्राओं ने कम लागत में न्यूट्री मिक्स तैयार करना एवं घरेलू वेस्ट से उपयोगी वस्तुएं बनाना विषयों पर अपने अभिनव उत्पाद प्रस्तुत किये। इसमें हेल्दी खाद्य पदार्थ, पौष्टिक न्यूट्री मिक्स तथा घरेलू अपशिष्ट से तैयार सजावटी एवं उपयोगी वस्तुएं विशेष आकर्षण का केन्द्र रहीं। इस मौके पर गृह विज्ञान विभाग की विभागाध्यक्ष प्रो. अनीता सिंह ने छात्राओं के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि कम संसाधनों में उपयोगी उत्पाद तैयार करना ना केवल रचनात्मकता को दर्शाता है बल्कि भविष्य में रोजगार के नए अवसर भी प्रदान करता है। इस प्रदर्शनी के दौरान छात्राओं ने अपने उत्पादों की उपयोगिता, निर्माण प्रक्रिया एवं लागत के बारे में विस्तार से जानकारी दी।इस कार्यक्रम का संयोजन आईआईसी की समन्वयक डा.अंजली त्यागी द्वारा किया गया। उनके मार्गदर्शन में छात्राओं ने उत्साह पूर्वक हिस्सा लेते हुए अपने नवाचारों का प्रभावी प्रदर्शन किया। इस कार्यक्रम में आईआईसी की सदस्य डॉक्टर प्रिया सिंह, दिव्या पाल, डा. सीमा अस्थाना एवं प्रयोगशाला सहायक माधुरी यादव तथा छात्रायें उपस्थित रहीं।