सुकन्या सिंह की रिपोर्टवाराणसी। मा० मुख्यमंत्री नगरीय अल्प विकसित एवं मलिन बस्ती विकास योजना वर्ष 2025-26 के अंतर्गत आदित्य नगर में आधारभूत सुविधाओं को सुदृढ़ करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाया गया। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी की प्रेरणा तथा उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री श्री योगी आदित्यनाथ एवं नगर विकास एवं नगरीय रोजगार एवं गरीबी उन्मूलन विभाग के मंत्री श्री अरविन्द कुमार शर्मा के मार्गदर्शन में आदित्य नगर लेन नंबर-5 में इंटरलॉकिंग एवं जल निकासी निर्माण कार्य का शिलान्यास संपन्न हुआ।
इस अवसर पर वाराणसी के महापौर श्री अशोक कुमार तिवारी एवं कैंट विधानसभा के विधायक श्री सौरभ श्रीवास्तव ने संयुक्त रूप से शिलान्यास किया। कार्यक्रम में क्षेत्र के पार्षद श्री श्याम भूषण शर्मा की गरिमामयी उपस्थिति रही। स्थानीय नागरिकों ने जनप्रतिनिधियों का स्वागत करते हुए इस विकास कार्य पर प्रसन्नता व्यक्त की।
निर्माण कार्य श्री विकास पटेल के आवास से श्री कमला पटेल के आवास तक लगभग 70 मीटर लंबाई में कराया जाएगा। इस परियोजना पर जीएसटी सहित लगभग 10.47 लाख रुपये की लागत आएगी। कार्यदायी संस्था के रूप में जिला नगरीय विकास अभिकरण (डूडा), वाराणसी को जिम्मेदारी सौंपी गई है।
जनप्रतिनिधियों ने कहा कि इस निर्माण कार्य के पूरा होने से क्षेत्र में जलभराव की समस्या में कमी आएगी, आवागमन सुगम होगा तथा स्थानीय लोगों को बेहतर नागरिक सुविधाएं उपलब्ध होंगी। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि सरकार की विकासोन्मुखी योजनाओं के माध्यम से शहर के प्रत्येक क्षेत्र में आधारभूत सुविधाओं का लगातार विस्तार किया जा रहा है, जिससे नागरिकों के जीवन स्तर में सकारात्मक बदलाव आएगा।