Follow us on

एक पेड़ मां के नाम अभियान के तहत 5000 पौधों का वितरण, पर्यावरण संरक्षण का लिया संकल्प

Share this post:

वाराणसी कार्यालय प्रतिनिधि की रिपोर्टपर्यावरण संरक्षण और हरित भविष्य के संकल्प को मजबूत करने के उद्देश्य से सृजन सामाजिक विकास न्यास के अध्यक्ष एवं पर्यावरण ऋषि *अनिल सिंह के संरक्षण में “एक पेड़ मां के नाम* ” अभियान के अंतर्गत गुरुवार को महामना मालवीय इंटर कॉलेज परिसर में भव्य पौधारोपण जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर विद्यालय के छात्र-छात्राओं को 5000 पौधों का वितरण किया गया। साथ ही उन्हें पौधों के नियमित संरक्षण, देखभाल और पर्यावरण संतुलन में उनकी भूमिका के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई।

कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि आईएफएस रवि सिंह तथा विद्यालय के प्रधानाचार्य चंद्रमणि सिंह द्वारा दीप प्रज्ज्वलित कर एवं माल्यार्पण के साथ किया गया। इसके बाद उपस्थित सभी छात्र-छात्राओं, शिक्षकों एवं अतिथियों को पर्यावरण संरक्षण, जल संरक्षण तथा अधिक से अधिक वृक्षारोपण करने की शपथ दिलाई गई। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों में प्रकृति के प्रति विशेष उत्साह और जागरूकता देखने को मिली।

मुख्य अतिथि आईएफएस रवि सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि आज के बच्चों में पर्यावरण के प्रति जो उत्साह और जिम्मेदारी देखने को मिली, वह अत्यंत प्रेरणादायक है। उन्होंने कहा कि यदि वर्तमान पीढ़ी इसी तरह वृक्षों और प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण के प्रति गंभीर रहेगी तो आने वाले समय में हमारा पर्यावरण सुरक्षित रहेगा और भविष्य की पीढ़ियों को स्वच्छ एवं स्वस्थ वातावरण प्राप्त होगा। उन्होंने कहा कि एक पौधा लगाना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि उसकी नियमित देखभाल और उसे वृक्ष बनने तक संरक्षित रखना भी प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है।

उन्होंने विद्यार्थियों से अपील करते हुए कहा कि हर बच्चा अपनी मां के नाम एक पौधा अवश्य लगाए और उसका संरक्षण अपने परिवार के सदस्य की तरह करे। यही अभियान का वास्तविक उद्देश्य है और यही प्रकृति के प्रति हमारी सच्ची श्रद्धांजलि होगी।

कार्यक्रम में सृजन सामाजिक विकास न्यास के अध्यक्ष एवं पर्यावरण ऋषि अनिल सिंह ने कहा कि “एक पेड़ मां के नाम” अभियान केवल पौधारोपण तक सीमित नहीं है, बल्कि यह समाज में पर्यावरण संरक्षण के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाने का एक व्यापक अभियान है। उन्होंने कहा कि जलवायु परिवर्तन, बढ़ते प्रदूषण और घटते हरित क्षेत्र को देखते हुए प्रत्येक व्यक्ति को वृक्षारोपण के साथ-साथ जल संरक्षण को भी अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाना होगा।

कार्यक्रम के अंत में विद्यार्थियों ने पौधों की सुरक्षा और नियमित देखभाल का संकल्प लिया। विद्यालय परिवार एवं आयोजकों ने विश्वास व्यक्त किया कि इस अभियान से छात्र-छात्राओं में पर्यावरण के प्रति जिम्मेदारी की भावना और अधिक मजबूत होगी तथा समाज में हरित वातावरण बनाने की दिशा में यह पहल एक महत्वपूर्ण कदम सिद्ध होगी।

लेखक के बारे में

खबरें और भी हैं...

लाइव क्रिकट स्कोर

मौसम अपडेट

राशिफल

0
Would love your thoughts, please comment.x
()
x